कुचक्र रचने वालों पर रोक लगाएगा धर्म स्वातंत्र्य अध्यादेश: सांसद विष्णुदत्त शर्मा
भोपाल। प्रदेश की भाजपा सरकार ने जिस तत्परता से कैबिनेट की बैठक में प्रस्तावित धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को मंजूरी दी है, उससे यह स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार प्रदेश में मतांतरण का कुचक्र रचने वालों को अपने मंसूबों पर अमल के लिए समय नहीं देना चाहती है। मैं पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं की ओर से मुख्यमंत्री और उनकी सरकार को इस अध्यादेश को मंजूरी के लिए धन्यवाद देता हूं। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कही।
शर्मा ने कहा कि अध्यादेश के प्रविधानों को जिस तरह से सख्त किया है, उससे इसका उल्लंघन करने से पहले कोई भी व्यक्ति कई बार सोचने पर विवश होगा। यह अध्यादेश लव जिहाद की मानसिकता वाले लोगों के कुत्सित इरादों पर रोक लगाएगा। वहीं, भोली-भाली लड़कियों को सुरक्षा प्रदान करेगा।
इस अध्यादेश में उन बहनों के भविष्य को भी सुरक्षित बनाया गया है, जो इस तरह के तत्वों के झांसे में आ जाती हैं और अपने जीवन को अंधकारमय बना लेती हैं। उन्होंने आशा जताई है कि अध्यादेश के लागू होने के बाद अब उन घटनाओं में कमी आएगी, जो सामाजिक तनाव का कारण बनती हैं।








