Sunday, April 5, 2026
Latest:
katni

किराना व्यापारी के सूने मकान में चोरों का धावा नगदी, सोने-चांदी के जेवरात सहित 5 लाख का सामान पार

कटनी। कोतवाली के बरही रोड क्षेत्र में देररात अज्ञात बदमाशों ने किराना व्यापारी के सूने मकान व प्रेस के दफ्तर को निशाना बनाया और नगदी, सोने-चांदी के जेवरात सहित लगभग 4 से 5 लाख रूपए कीमती सामान लेकर चंपत हो गए। आज सुबह चोरी की जानकारी लगने के बाद पुलिस खोजी कुत्ते के साथ मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया।
इसके बावजूद पुलिस को चोरों के संबंध में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगे। पुलिस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशो को पकड़ने के हरसंभव प्रयास कर रही है।
इस संबंध में सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बरही रोड में प्रेम नारायण भवन के सामने निवास करने वाले किराना व्यापारी राजकुमार थरेजा भांजे की शादी में शामिल होने परिवार सहित मकान में ताला लगाकर जबलपुर गए हुए थे। इसी का फायदा देररात अज्ञात चोरों ने उठाया और उनके सूने मकान में धावा बोलकर मकान के अंदर आलमारी में रखे 10 हजार रूपए नगद सहित चार सोने के कंगन, दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी झुमके, 6 सोने की अंगूठी और 7 चांदी के 7 सिक्के सहित अन्य सामान लेकर चंपत हो गए।
आज मकान में चोरी की जानकारी लगने के बाद राजकुमार भांजे की शादी छोड़कर वापस जबलपुर से कटनी पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी शैलेष मिश्रा पुलिस बल व खोजी कुत्ते के साथ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरूद्ध मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है।
प्रेस का दफ्तर भी बना चोरों का निशाना
किराना व्यापारी राजकुमार थरेजा के मकान के साथ ही अज्ञात चोरों ने यहां स्थित हरिभूमि समाचार पत्र के दफ्तर में भी धावा बोला। बदमाश प्रेस के दफ्तर से एक लेपटॉप व एक टीएफटी लेकर चंपत हो गए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply