कांग्रेस संसदीय दल का नेता-सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह ने दिया प्रस्‍ताव…

नई दिल्‍ली, एजेंसी। कांग्रेस के नवनिर्वाचित लोकसभा सांसदों (newly Congress parliamentarians) की पहली बैठक में शुक्रवार को सोनिया गांधी को कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुना गया। यह बैठक ऐसे समय हुई, जब राहुल गांधी (Rahul Gandhi) कह चुके हैं कि वह अब पार्टी अध्‍यक्ष पद पर नहीं बने रहना चाहते हैं। दोबारा कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद सोनिया गांधी ने अपने संबोधन में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने वाले लोगों का धन्यवाद किया।

सूत्रों ने बताया कि बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने संसदीय दल के नेता के लिए सोनिया गांधी के नाम का प्रस्‍ताव किया जिसे सर्वसम्‍मति से स्‍वीकृत कर लिया गया। बता दें कि 543 सदस्‍यों वाली लोकसभा में कांग्रेस के 52 सांसद हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के लिए 55 सदस्‍यों की जरूरत होती है। इस हिसाब से देखें तो कांग्रेस के पास इस पद के लिए तीन सांसदों की कमी है। बैठक में सोनिया और राहुल गांधी के साथ पार्टी के सभी 52 लोकसभा सांसद मौजूद हैं।

गौर करने वाली बात यह है कि बीते 25 मई को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाद यह पहली आधिकारिक बैठक थी जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी हिस्‍सा लिया। बता दें कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में राहुल गांधी ने पार्टी अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफे की पेशकश की थी और कहा था कि बेहतर होगा कि पार्टी गांधी परिवार से इतर किसी कांग्रेस अध्‍यक्ष का चुनाव करे। हालांकि, पार्टी पदाधिकारियों ने उनके इस्‍तीफे की पेशकश को खारिज कर दिया था।

Exit mobile version