Site icon Yashbharat.com

कांग्रेस विधायक पर नाबालिग युवक ने तीन बार पिस्टल चलाने की कोशिश की, गोली नहीं चली तो भाग गया

images 69

हिंडौन. (यशभारत). यहां कांग्रेस विधायक भरोसीलाल जाटव की बुधवार सुबह एक युवक ने हत्या करने की कोशिश की। घटना उस वक्त हुई जब विधायक आवास पर जनसुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उसने पिस्टल निकालकर विधायक पर फायरिंग करने की कोशिश की। लेकिन, शुक्र यह रहा कि गोली नहीं चली। इसके बाद युवक वहां से भाग गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने फोन करके विधायक से पूरी घटना की जानकारी ली है।

पिस्टल की मैगजीन निकलकर जमीन पर गिर गई
जानकारी के मुताबिक, विधायक जाटव मीटिंग हाल में जनसुनवाई कर रहे थे। तभी एक युवक हॉल में घुस आया और उसने कमर से पिस्टल निकालकर विधायक की तरफ करके ट्रिगर दबा दिया, लेकिन पिस्टल नहीं चली। बताया जा रहा है कि युवक ने तीन बार पिस्टल का ट्रिगर दबाया। लेकिन, पिस्टल की मैगजीन निकलकर गिर गई। जब तक वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते इससे पहले युवक मैगजीन उठाकर वहां से भाग निकला।

दो घंटे बाद पुलिस ने दबोचा

सीसीटीवी कैमरे में उस लड़के के आने व जाने की घटना कैद हो गई। वह दो अन्य युवकों के साथ आया था। जिसकी पहचान एकोरासी निवासी 17 वर्षीय किशोर के रुप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीमों का गठन कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई। दो घंटे बाद पुलिस ने एकोरासी के खेतों में से आरोपित नाबालिग को दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि खेतों में पिस्टल को सही करते समय गोली चलने से उस लड़के की अंगुली भी जख्मी हुई है। पुलिस ने देशी पिस्टल व कारतूस भी जब्त कर लिए है।

विधायक आवास मे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ आरोपी।

जयपुर में कर रहा है नीट की तैयारी, लॉकडाउन में आया था गांव

पुलिस अधीक्षक अनिल बेनीवाल ने बताया कि विधायक पर फायरिंग करने के प्रयास के मामले में अभी तक जांच में पाया गया है कि किशोर एवं उसके परिवार की विधायक से किसी तरह की पुरानी रंजिश नहीं हैं। किशोर जयपुर में नीट(मेडिकल) की तैयारी कर रहा है, लेकिन लॉकडाउन के कारण गांव एकोरासी आया हुआ था। उसने यह कदम क्यों उठाया है, ऐसा अभी तक नहीं बताया है। पुलिस सख्ती से पूछताछ कर रही है।

विधायक पर हमले की सूचना के बाद बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी आवास पर पहुंच गए।

विधायक की सुरक्षा बढ़ाई

फायरिंग के प्रयास की घटना के बाद विधायक आवास पर पुलिस जाब्ता तैनात करने के साथ विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बताया गया कि विधायक को एक गनमैन पहले से दिया हुआ है, बुधवार को जनसुनवाई के दौरान गनमैन किसी काम से गया हुआ था। इस घटना के बाद एक अतिरिक्त गनमैन विधायक को सुरक्षा के लिए दिया गया है।

इनका कहना है

पुलिस अधीक्षक अनिल बेनीवाल का कहना रहा कि इस मामले की कई एंगल से जांच की जा रही है। अभी तक कोई पुरानी रंजिश का मामला सामने नहीं आया है। टीम बनाकर पूरे मामले की गहनता से जांच की जाएगी कि इसमें और कौन लोग शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने किशोर को इस काम के लिए उकसाया हो।

घटना के बाद विधायक के घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

विधायक के स्वास्थ्य की हुई जांच

राजकीय अस्पताल की टीम ने विधायक आवास पर पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जांच की। डॉ. आशीष शर्मा व उनकी टीम ने उनकी बीपी, शुगर सहित अन्य जांच की है। डॉ. शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य जांच में किसी तरह की कोई दिक्कत सामने नहीं आई है। यही नहीं एफएसएल टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

Exit mobile version