मध्यप्रदेश

कांग्रेस की दौड़ चुनाव आयोग तक : अब मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव राव के बयान पर की शिकायत

भोपाल। पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव हरिरंजन राव के एक बयान के खिलाफ कांग्रेस आरटीआई विंग प्रमुख अजय दुबे चुनाव आयोग पहुंच गए हैं। दुबे ने राव के उस बयान को सरकार को राजनीतिक लाभ पहुंचाने वाला बताया है जिसमें राव ने प्रदेश के सभी छह टाइगर रिजर्वों में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने को कहा है। दुबे ने आयोग से कार्रवाई की मांग की है।

 

दुबे के मुताबिक टाइगर रिजर्व में कितने पर्यटकों की इंट्री मिलेगी और वे किस क्षेत्र में घूम सकेंगे, यह पहले से तय है। उनकी ही याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने 2012 में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) से यह गाइडलाइन बनवाई थी।

वर्तमान में इसी गाइड लाइन के मुताबिक पर्यटकों को पार्कों में प्रवेश दिया जा रहा है। दुबे ने आरोप लगाया है कि ऐसे में सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े अफसर राव कहते हैं कि स्थानीय लोगों को रोजगार देने के लिए पार्कों में पर्यटकों की संख्या बढ़ाई जाएगी। यह उचित नहीं है।

दुबे ने कहा है कि ये सीधेतौर पर सरकार को फायदा पहुंचाने वाला बयान है। क्योंकि स्थानीय लोग लंबे समय से पार्कों में पर्यटन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

ऐसे में मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रमुख सचिव ऐसा बयान देते हैं, तो वोट बैंक पर प्रभाव पड़ेगा ही। वहीं दुबे ने यह भी सवाल उठाया है कि प्रदेश के सभी छह टाइगर रिजर्व वन विभाग के अंतर्गत आते हैं।

इनमें पर्यटन विभाग को कोई हस्तक्षेप नहीं है। फिर भी राव बयान दे रहे हैं, तो इसका दूसरा पहलू साफ है कि वे पार्कों के आसपास रहने वाले लोगों में रोजगार की उम्मीद जगाकर भाजपा का साथ दे रहे हैं।

Leave a Reply

Back to top button