भोपाल। विधानसभा चुनाव में जिन सीटों पर कांग्रेस को लगातार हार मिली है, वहां इस बार जल्दी उम्मीदवार घोषित किए जाएंगे। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस की भोपाल में बैठक बुलाई गई। इशमें उन 40 सीटों पर गहन मंथन हुआ, जहां दो से तीन बार लगातार पार्टी की हार हुई है। इसमें इंदौर की भी तीन सीटें शामिल हैं। उधर, नई शहर कार्यकारिणी भी अगले महीने घोषित हो सकती है। अध्यक्ष बदले जाने पर सहमति बनती है तो इस महीने फेरबदल संभव है।
भोपाल में हुई बैठक के बाद जिलाध्यक्षों से प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने वन टू वन चर्चा भी की। बैठक में ज्यादातर जिलाध्यक्षों ने कहा कि उम्मीदवार तय करने में काफी देर हो जाती है। इस कारण प्रत्याशियों को तैयारियों का समय कम मिलता है। जिन सीटों पर पार्टी लगातार हार का सामना करती आ रही है वहां जल्दी प्रत्याशी घोषित किए जाएं।
लगातार हार वाली 40 सीटों में इंदौर जिले की दो नंबर, चार नंबर और पांच नंबर विधानसभा भी है। माना जा रहा है कि तीनों सीटों पर पार्टी जल्दी उम्मीदवारों को संकेत दे देगी। शहर अध्यक्ष प्रमोद टंडन ने बताया कि शहर में लंबे समय से भंग शहर कार्यकारिणी को भी जल्द ही घोषित करने के लिए कहा गया है। प्रक्रिया शुरू कर अगले महीने तक नई कार्यकारिणी बनाई जाएगी।








