कल या परसो में हो सकता है मोदी कैबिनेट का विस्तार, संभावितों को दिल्ली बुलाया गया
Modi Cabinet Expansion: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी टीम का विस्तार करने जा रहे हैं। मोदी मंत्रिमंडल (Modi Cabinet) में नए चेहरों को शामिल किए जाने की खबर पिछले कई दिनों से चल रही है, लेकिन ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इसी हफ्ते यह काम हो सकता है। सब कुछ ठीक रहा तो बुधवार या गुरुवार को ऐलान कर दिया जाएगा और तत्काल ही शपथ ग्रहण समारोह भी हो जाएगा।
खबर यह भी है कि प्रधानमंत्री ने अपने निवास पर मंगलवार को अहम बैठक बुलाई है। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित अन्य शीर्ष मंत्री और पार्टी के नेता शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इसी बैठक में कैबिनेट विस्तार पर अंतिम मुहर लगेगी। हालांकि अभी इस खबर पर आधिकारिक जानकारी नहीं है। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिन चेहरों को टीम मोदी में जगह मिल सकती है, उन्हें दिल्ली बुलाया जाने लगा है। मध्य प्रदेश से ज्योतिरादित्य सिंधिया, असम से सर्वानंद सोनोवाल और महाराष्ट्र से नारायण राणे के दिल्ली आने की बात कही जा रही है।

