Latest

कर्नाटक में हुआ विभागों का बंटवारा, कांग्रेस को गृह और जेडीएस को वित्त विभाग

नेशनल डेस्‍क। कर्नाटक की गठबंधन सरकार में विभागों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस और जेडी(एस) के बीच पिछले एक सप्ताह से चला आ रहा गतिरोध गुरुवार को लगभग खत्म हो गया. दोनों पार्टियों के बीच गृह और वित्त विभाग जैसे अहम विभागों को लेकर सहमति बन गई है.

सूत्रों के मुताबिक, एचडी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली इस गठबंधन सरकार में कांग्रेस के पास गृह और जेडी(एस) के पास वित्त विभाग होगा. जेडी(एस) महासचिव कुंवर दानिश अली ने भी इसकी पुष्टि की है. उन्होंने बताया , ‘‘कल देर रात कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और हमारी पार्टी के बीच चली बैठक में इस बात पर सहमति बनीं. अन्य विभागों पर अगले 24 घंटे में फैसला हो जाएगा.’’

उन्होंने यह भी कहा कि जेडी(एस) और कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी केसी वेणुगोपाल शाम बेंगलुरू पहुंच रहे हैं. वहां दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेता बाकी बचे विभागों को लेकर फैसला करेंगे.

गौरतलब है कि 23 मई को कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण के बाद से दोनों दलों के बीच विभागों के बंटवारे को लेकर गतिरोध चल रहा था. दोनों पार्टियां गृह और वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखने पर जोर दे रही थीं.

Leave a Reply

Back to top button