Latestविधानसभा चुनाव 2018
कर्नाटक में भाजपा की सरकार, कल येदियुरप्पा ले सकते हैं शपथ: कांग्रेस बोली लोकतंत्र की हत्या

बेंगलुरु। कर्नाटक में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति सामने आने के बाद सबसे बड़े दल भाजपा और कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन के सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद राज्य में भावी सरकार को लेकर संशय और गहरा गया है। अब सारी नजरें राज्यपाल वजुभाई वाला पर टिक गई हैं। उन्हें फैसला करना है कि वह सरकार बनाने के लिए सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी भाजपा को आमंत्रित करें या कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन को बुलाएं।

वहीं भाजपा के सीएम पद के उम्मीदवार येद्दियुरप्पा पार्टी में विधायक दल के नेता चुने गए हैं। येदियुरप्पा और भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा और धर्मेन्द्र प्रधान और प्रकाश जावड़ेकर राज्यपाल से मिलने के लिए पहुंच गए हैं। मीडिया सूत्रों के मुताबिक भाजपा राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है। वहीं खबर है कि येदियुरप्पा गुरुवार को सीएम पद की शपथ ले सकते हैं। बता दें कि राज्य में सरकार बनाने के लिए जोड़तोड़ की रणनीति शुरू हो गई है। सूत्रों ने बताया कि भाजपा ने जादुई आंकड़े का जुगाड़ करने की रणनीति बना ली। जेडीएस और कांग्रेस के कुछ विधायक के भाजपा से सम्पर्क की भी खबरें हैं ऐसे में भाजपा फ्लोर टेस्ट की मांग के साथ सरकार बनाएगी इस दौरान अनुवस्थिति भी भाजपा के काम आ सकती है। उधर कांग्रेस इसे लोकतंत्र की हत्या बता रही है। अगले कुछ घण्टे काफी महत्वपूर्ण हैं।








