कम ही अधिकारी जिनके तबादले से ह्र्दय की अनुभूति अपनों के बिछड़ने जैसी होती है-आशीष शुक्ला
आशीष शुक्ला….
श्री रामचरितमानस में तुलसीदास जी की चौपाई का स्मरण होना स्वाभाविक है। बिस्व भरन पोषन कर जोई। ताकर नाम भरत अस होई॥भावार्थ है कि जो संसार का भरण-पोषण करते हैं, उन (आपके दूसरे पुत्र) का नाम ‘भरत’ होगा।
प्रशासनिक प्रमुख अगर नाम के अनुरूप कार्य मे संलग्न हो तो उसकी प्रशंसा जायज है। आज जब कलेक्टर भरत यादव के स्थानांतरण आदेश की खबर मिली तो जबलपुर वासियों के लिए इसे स्वीकारना कुछ कठिन सा हो गया।
यूं तो प्रशासनिक व्यवस्थाओं में तबादला एक सामान्य और स्वाभाविक प्रक्रिया होती है किंतु जब किसी अधिकारी के तबादले से आम जनमानस की व्याकुलता नजर आए तो यह सामान्य से अलग हो जाती है। कलेक्टर भरत यादव के स्थानांतरण में भी कुछ ऐसा ही दिखा। मेरा व्यक्तिगत अनुभव कलेक्टर श्री यादव के लिए अन्यों से अलग था।
उनकी कार्यकुशलता, प्रशासनिक क्षमता, निर्णय लेने की सशक्तता तथा नेतृत्व गुण काबिले तारीफ़ हैं। निःसन्देह बतौर प्रशासनिक मुखिया जबलपुर में इसका आभाव नजर आ सकता है।
कलेक्टर के तौर पर श्री यादव का कार्यकाल जबलपुर वासियों के लिये अविस्मरणीय रहेगा। श्री यादव एक कुशल प्रशासक के साथ-साथ संवेदनशील, नेक दिल, मृदुभाषी और मिलनसार इंसान भी हैं।
कोरोना जैसे कठिन और चुनौती पूर्ण दौर में उन्होंने प्रशासनिक अमले का नेतृत्व कर जबलपुर को काफी हद तक सुरक्षित रखने में अपनी कुशल भूमिका का निर्वहन किया।
यही कारण है कि आज श्री यादव के स्थानांतरित होने की खबर संस्कारधानी के लिए बिदाई में विक्षोभ जैसा महसूस करा रही है। जबलपुर वासियों की तरह उनके स्थानांतरण से मुझे भी यह भावुकता महसूस होना लाजिमी है।
यूं तो मेरे लंबे पत्रकारिता अनुभव में यह महज एक खबर है, पर भरत यादव जैसे अफसर के बारे में यह एक खबर से हटकर व्यवहारिक रूप ले लेती है। कहना अतिश्योक्ति नहीं कि कम ही अधिकारी होते हैं जिनके तबादले से ह्र्दय की अनुभूति अपनों के बिछड़ने जैसी होती है।
बहरहाल श्री यादव ने कोरोना काल मे जबलपुर में जो कुछ किया वह अनुकरणीय था। उनके अनुभव तथा लगनशीलता का लाभ सदैव देश प्रदेश को प्राप्त होता रहेगा।
किसी भी विभाग में उनकी कार्यशैली से अच्छे और सकरात्मक परिणाम सामने आएंगे। हम जबलपुर के वासियों के साथ समूचे यशभारत परिवार की ओर से कलेक्टर भरत यादव एवं उनके परिवार के उज्ज्वल और सुनहरे भविष्य की कामना करते हैं।