Thursday, May 7, 2026
Latest:
#MP Vidhansabha ElectionsLatest

कमल नाथ की घोषणा- सरकार बनी तो MP में लागू नहीं करेंगे कृषि विधेयक

Mandsaur News मंदसौर शिवराजसिंह चौहान ने गुरूवार को चुनावी सभाओं में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर आरोप लगाते हुए कहा कि एक भी उद्योग मप्र में नहीं खोला है। वह दूसरे प्रदेशों में उद्योग लगाते रहे हैं।

इसका जवाब देते हुए कमलनाथ ने शुक्रवार को सुवासरा विस के शामगढ़ में चेलेंज देते हुए कहा कि केंद्र सरकार लाए गए तीनों कृषि विधेयक लागू नहीं किए जाएंगे। हम ऐसा कानून बनाएंगे कि समर्थन मूल्य से नीचे किसान की उपज कोई खरीदेगा तो उसे सजा मिलेगी, अपराध माना जाएगा। अतिथि शिक्षकों को सुरक्षित रोजगार देने के कोई प्रयास नहीं हुए। शिवराजसिंह चौहान पहले तो जेब में नारियल लेकर घूम रहे थे अब तो वह ट्रक में नारियल लेकर घूम रहे हैं।

यह बात पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कही। वे सुवासरा विस के शामगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी राकेश पाटीदार के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 सालों में कोई निवेश नहीं हुआ है क्योंकि निवेश तो तब होता है जब विश्वास होता है। बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर ने जब संविधान बनाया था तो उसमें किसी की मृत्यु होने पर उपचुनाव का प्राविधान किया था। अभी देश में 60 उपचुनाव हो रहे हैं इसमें से 28 तो मप्र में ही है। बाबा साहेब ने तो सपने में भी नहीं सोचा था कि अब यहां बोली लगा लो और चुनाव हो जाएगा।

उन्‍होंने कहा कि हमारा सुवासरा, मंदसौर कितना कलंकित हो गया है कि यहां तो विधायक बिकाऊ है। अब तो सरपंच चुनाव की भी जरूरत नहीं होगी। बोली लगा लो और सरपंच चुन लो। यह सौदेबाजी की राजनीति की शुरूआत है । इससे हमारे संविधान और प्रजातंत्र को कितनी ठेस पहुंची है। बाहरी प्रदेशों में सभी कहते हैं कि यह वहीं मप्र है ना जहां 25 विधायक बिक गए। 15 साल के बाद भाजपा हिसाब किताब नहीं दे पाई है। मेरी 15 माह की सरकार में नीति और नियत का हिसाब देकर काम किया है।

वे बोले शिवराज ने कैसा मप्र हमे दिया था, किसानों की आत्महत्या में नंबर एक, बेरोजगारी महिलाओं के अत्याचार में नंबर एक। खुद को मामा कहते हैं और महिलाएं युवतियों पर अत्याचार प्रदेश में सबसे ज्यादा हो रहे हैं। कैसे किसानों को सही उपज का मूल्य मिले यह नहीं सोचा। सरकार बनने पर हमने कर्जा माफ करने की शुरूआत की थी तो शिवराजसिंह कहते रहे कि झूठ है। और अब 15 दिन पहले विस में बोलना पड़ा कि 26 लाख किसानों का कर्जा माफ हुआ है। शिवराजसिंह की आंख नाक कान नहीं चलते थे केवल मुंह चलता हैं 15 हजार घोषणाएं कर दी है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम