कमजोर वर्ग के बच्चों को जुलाई में मिलेगा शाला में दाखिला

कटनी। निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत सत्र 2018-19 में गैर अनुदान मान्यता प्राप्त अशासकीय शालाओं में न्यूनतम 25 प्रतिशत निःशुल्क प्रवेश लेने हेतु ऑनलाइन आवेदन 23 जून तक आमंत्रित किए गए हैं।
पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन 23 जून, पोर्टल पर पंजीकृत आवेदनों की त्रुटि सुधार हेतु विकल्प 25 जून तक उपलब्ध रहेगा। जिसके बाद रेण्डम पद्धति से ऑनलाईन लॉटरी द्वारा सीटों का आवंटन एवं चयनित आवेदकों को एसएमएस द्वारा सूचना 30 जून को दी जायेगी।
आवेदकों द्वारा पोर्टल से आवंटन पत्र डाउनलोड करना 2 जुलाई से 7 जुलाई तक किये जा सकेंगे। जिसके अशासकीय स्कूलों के आवंटन पश्चात सत्यापन केन्द्रों में सत्यापनकर्ता अधिकारियों द्वारा सत्यापन किया जाना तथा सत्यापन उपरांत निर्धारित प्रपत्र में पात्र एवं अपात्र पाए गए बच्चों की सूची बीआरसी को प्रदान कराना तथा बीआरसीसी द्वारा पोर्टल पर प्रविष्टि 3 जुलाई से 10 जुलाई तक तथा पात्र पाए गए बच्चों का स्कूलों में प्रवेश एवं अशासकीय स्कूलों द्वारा प्रवेशित बच्चों की पोर्टल पर आधार सत्यापन के माध्यम से प्रविष्टि 4 जुलाई से 13 जुलाई तक की जाएगी।
सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलेगी निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा 9 से कक्षा 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र 2018-19 में निःशुल्क पाठ्य पुस्तक के व्यवस्थित वितरण के लिए आयुक्त लोक शिक्षण ने समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किये हैं। निर्देश में कहा गया है कि पाठ्य पुस्तक वितरण के लिए जिला स्तर पर जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित की जाये।
पाठ्य पुस्तकें निश्चित समय सीमा में वितरित की जायें। पाठ्य पुस्तकों का निरूशुल्क वितरण की स्थिति के अनुसार शैक्षणिक वर्ष 2014-15 में 23 लाख 4 हजार 922 विद्यार्थी लाभान्वित हुए। वर्ष 2015-16 में 22 लाख 72 हजार 911 विद्यार्थी लाभान्वित हुए, जबकि वर्ष 2016-17 में 23 लाख 1 हजार 487 हैं। प्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2018-19 के लिए जिलों से ऑनलाइन की गई माँग के अनुसार पाठ्य पुस्तकों का मुद्रण कराया गया है। पाठ्य पुस्तक निगम द्वारा डिपो से विकासखण्ड स्तर पर पाठ्य पुस्तकें पहुँचायी जा रही हैं। पाठ्य पुस्तकों का वितरण प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक और स्थानीय जन-प्रतिनिधि की मौजूदगी में किया जायेगा।
सरस्वती स्कूल में कल से शुरू होगा नया शिक्षण सत्र
सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नवीन शिक्षण सत्र का प्रारंभ कल 20 जून से शुरू होगा। समस्त कक्षायें नियमित रूप से संचालित होंगी। नवीन समय सारिणी के अनुसार सभी कालखण्ड एवं स्मार्ट कक्षायें लगेगीं। कक्षा दशम एवं द्वादश के सराहनीय शत प्रतिशत परीक्षा परिणामों से सभी आचार्य उत्साहित हैं, साथ ही नवीन सत्र के प्रारंभ से ही भैया बहिनों के उत्कृष्ट शिक्षा एवं विकास हेतु संकल्पित हैं। विद्यालय में सभी कक्षाओं में प्रवेश प्रारंभ हैं। इच्छुक प्रबुद्ध अभिभावकजन अपने बच्चों का प्रवेश करा सकते हैं। प्राचार्य एवं समस्त आचार्य परिवार ने विद्यालय के सभी अभिभावक जनों से अपने बच्चों को कल 20 जून को विद्यालय नियमित रूप से भेजने की अपील की है।








