Latest

कपूरथला: बेअदबी के आरोपी से मिलते जुलते युवक का वीडियो वायरल, एसएसपी बोले- जांच कराएंगे

बेअदबी की घटना से गर्माए हुए माहौल के बीच एक और वीडियो वायरल हुआ है। यह वीडियो उसी युवक का बताया जा रहा है, जिसकी निजामपुर गुरुद्वारे में बेअदबी के आरोप में पीट पीटकर हत्या कर दी गई थी। वीडियो में दिख रहे युवक ने वैसे ही कपड़े पहने हैं, जैसे मृतक के शरीर पर थे। वीडियो शनिवार की सुबह करीब आठ बजे का बताया जा रहा है, जिसे कांजली रोड स्थित एक जिम में एक्सरसाइज करने आने वाली किसी युवती ने शूट किया है।

जिम के संचालक हरविंदर सिंह ने बताया कि युवक मंदबुद्धि प्रतीत हो रहा था। 19 सेकेंड के वीडियो में युवती कहती है-तुम कृष्ण बने हो। मैं तुम्हारी वीडियो बना रही हूं। इसके बाद युवक वहां से चला जाता है। एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख ने बताया कि वीडियो की सत्यता की जांच की जाएगी। युवक के कपड़े मृतक के शरीर पर मिले कपड़ों से मेल खाते हैं। यदि वीडियो में दिखने वाला युवक वही पाया गया तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बेअदबी मामले में सीमापार से रची गई साजिश: जाखड़
पंजाब प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रधान और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की कैंपेन कमेटी के मौजूदा चेयरमैन सुनील जाखड़ का मानना है कि सीमा पार से पंजाब में गड़बड़ी की साजिश हो रही है। उन्होंने बेअदबी के मामलों के लिए सीमा पार से साजिश रचे जाने की आशंका जताई है।

बेअदबी व दोषियों की हत्या पर पंजाब सरकार को नोटिस
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने पंजाब में श्री हरमंदिर साहिब और कपूरथला जिले के एक गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी और कथित दोषियों को गुस्साई संगत द्वारा मार डाले जाने की घटनाओं पर स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया है। आयोग के चेयरमैन इकबाल सिंह लालपुरा ने पूरे मामले में पंजाब के मुख्य सचिव से 26 दिसंबर तक जवाब दाखिल करने को कहा है।

 

 

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम