कटाएघाट में बैंक कर्मी श्रीनिवास गोयनका की लाश मिलने से सनसनी

कटनी। कटनी नदी के कटाएघाट में आज दोपहर पंजाब नेशनल बैंक में पदस्थ एक लिपिक की पानी में उतराती नग्न लाश बरामद की गई है। लाश पानी के सिर के बल पड़ी होने के कारण चेहरा तो स्पष्ट नहीं दिख रहा लेकिन नदी के किनारे पड़े कपड़े और अन्य सामान के आधार पर लाश बैंक लिपिक की बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और लाश को नदी के बाहर निकालने के प्रयास कर रही थी।
माधवनगर पुलिस ने नदी किनारे रखे कपड़ों से की शिनाख्त, खबर मिलने पर परिवार के लोग भी पहुंचे, आत्महत्या या हादसा, खुलासा नहीं
इस संबंध में जानकारी देते हुए माधवनगर थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक धनजंय पांडे ने बताया कि आज दोपहर कटनी नदी के कटाएघाट क्षेत्र में एक युवक की पानी में नग्न लाश पड़े होने की सूचना मिली। जिसके बाद मौके पर जाकर प्रारंभिक कार्रवाई शुरू की गई।
मौके पर युवक के कपड़े नदी किनारे पड़े मिले। जिसके आधार पर लाश की शिनाख्त पंजाब नेशनल बैंक में पदस्थ लिपिक हनुमानगंज निवासी श्री निवास गोयनका के रूप में की गई।
गौरतलब है कि श्री गोयनका पहले नगर निगम के सामने स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में पदस्थ थे लेकिन कुछ समय पूर्व उनका तबादला दूसरी ब्रांच में कर दिया गया था।
श्री गोयनका अपने तबादले के बाद से ही परेशान रहते थे तथा इस बात का जिक्र वो हमेशा यार दोस्तों से चर्चा में करते रहते थे। शहर के प्रतिष्ठित नागरिक व बेहद मिलनसार श्री गोयनका की मौत की खबर जिस किसी ने सुनी उसे विश्वास ही नहीं हुआ कि ऐसा हो सकता है।
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि श्री गोयनका ने नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या की या फिर वो किसी घटना का शिकार हुए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर लाश को नदी के बाहर निकलवाने का प्रयास कर रही थी।









