कटनी। भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण कामकाजी बैठक आज जिला कार्यालय में आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा को ऐतिहासिक बनाने विभिन्न समितियों का गठन कर भाजपा जनों को दायित्व सौंपे गए।

कटनी नगर में यात्रा के प्रवेश के साथ ही जोरदार स्वागत किया जाएगा। सुर्खी टैंक से यात्रा नगर में प्रवेश करेगी। पूरे मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा की जाएगी। भाजपा जनों के द्वारा घरों, प्रतिष्ठानों के बाहर दीपक जलाएं जाएंगे।

यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर रंगोली सजाई जाएगी। आज महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी ने कहा कि कटनी जिले में यात्रा का ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। सभी तीनों विधानसभाओं में इस हेतु प्रदेश नेतृत्व से प्राप्त दिशा निर्देशों के तहत समितियों के प्रभारी तथा सह प्रभारी बनाये गए हैं जिन समितियों को जो दायित्व सौंपे गए हैं उन्हें वो जिम्मेदारी पूर्ण तत्परता के साथ निभानी है। विधानसभा मुड़वारा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की जन आशीर्वाद यात्रा के प्रभारी महापौर शशांक श्रीवास्तव होंगे।

उनके साथ सह प्रभारी का दायित्व नगर में आशीष गुप्ता, अजय शर्मा ग्रामीण में अश्वनी गौतम तथा सत्यनारायण अग्रहरि रहेंगे।

इसी तरह गोलबाजार रामलीला मैदान में सभा के प्रभारी रामरतन पायल के साथ सह प्रभारी आशीष कंदेले, भोला साहू, शैलेन्द्र जैन कंजे, प्रकाश सिंघानिया टिल्लू, शरद अग्रवाल,के.के. सरावगी, यज्ञदत्त मिश्रा, महमूद खान सहप्रभारी होंगे। रथ सभा हेतु निगमाध्यक्ष संतोष शुक्ला प्रभारी जबकि रामु साहू सह प्रभारी होंगे।
इसके साथ ही स्वागत पुष्प वर्षा स्थल प्रभारी गीता गुप्ता, सह प्रभारी रवि खरे एवं अमित राजा शर्मा होंगे। प्रशासनिक समन्वय समिति में मिट्ठूलाल जैन प्रभारी रहेंगे।
इसके अलावा भी कई अन्य समितियों के प्रभारी तथा सहप्रभारी बनाए गये हैं। जिसमें उपयात्रा प्रभारी, वाहन व्यवस्था सह यात्री एवं सर्व व्यवस्थाएं समिति आवास भोजन, सह यात्री आवास, सह यात्री भोजन, रात्रि विश्राम, सामाजिक संगठनों की सहभागिता हेतु समिति, नव मतदाता सहभागिता, हितग्राही सहभागिता, रथ व्यवस्था, प्रचार प्रसार, मीडिया प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक तथा सोशल मीडिया समितियों का गठन किया गया है। समस्त समितियों के कार्यविभाजन के अनुसार कार्य करने के निर्देश प्रदान किये गए हैं। समितियों में प्रभारीगण अतिरिक्त नाम जोड़ सकते हैं।
संचालन करते हुए महामंत्री हरिशंकर गर्ग ने जन आशीर्वाद यात्रा के लिए प्रदेश से प्राप्त निर्देशों के तहत कुछ सावधानियों की ओर भी ध्यानाकृष्ट कराया।

बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा प्रभारी महापौर शशांक श्रीवास्तव ने कहा कि कटनी नगर में व्यवस्थित ढंग से यात्रा निकले, ज्यादा से ज्यादा जनता का आशीर्वाद मुख्यमंत्री जी को मिले, प्रत्येक कार्यकर्ताओं को इसी संकल्प के साथ आज से ही जुटना होगा।
विधायक संदीप जायसवाल ने यात्रा में कोई भी अव्यवस्था न हो इस पर कई अहम बिंदुओं की ओर ध्यानाकृष्ट कराया। बैठक में बड़वारा विधायक मोती कश्यप पूर्व जिलाध्यक्ष रामचन्द्र तिवारी, चमनलाल आनंद, पूर्व विधायक अलका जैन, सुकीर्ति जैन, गिरिराज किशोर पोद्दार, नगर अध्यक्ष रामरतन पायल ग्रामीण अध्यक्ष रामू साहू, मोर्चा प्रकोष्ठों के अध्यक्ष संयोजक एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन गीता गुप्ता ने किया।








