कटनी सराफा कारोबारी की चोरी का नहीं लगा सुराग बाइक सवार बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

कटनी। विवेक शुक्ला। कोतवाली के सराफा बाजार क्षेत्र में बुधवार की दोपहर सराफा कारोबारी का नगद रूपयों व सोने-चांदी से भरा बैग लेकर चंपत हुए बाइक सवार बदमाशों की गिरफ्तारी तो दूर पुलिस अब तक उनका सुराग भी नहीं लगा पाई है। यह बात और है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कैद हुए बदमाशों के हुलिए के आधार पर पुलिस उनका सुराग लगाने के पूरे प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि मसुरहा वार्ड निवासी सराफा कारोबारी दीपचंद स्वर्णकार रोज की तरह कल बुधवार की दोपहर लगभग 12-साढ़े 12 बजे घर से निकल कर दुकान जा रहे थे। उसीदौरान रास्ते में वो हमेशा की तरह देवी मंदिर में दर्शन करने चले गए और अपना रूपयों व जेवरों से भरा बैग अपनी सायकल में टंगा छोड़ गए।
इसी दौरान रैकी करते हुए उनका पीछा करते हुए बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और सायकल में टंगा बैग लेकर चंपत हो गए। कोतवाली प्रभारी विजय कुमार विश्वकर्मा के मुताबिक बैग में 30 से 40 हजार रूपए नगद व सोने-चांदी के जेवर सहित लगभग डेढ़ लाख रूपए का सामान रखा था। पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरूद्ध धारा 379 के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
एक जानकारी में बताया जाता है कि घटनास्थल के आसपास दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है तथा पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए उसमें दिख रहे बदमाशों को हुलिए के आधार पर तलाश रही है।
बजरंग नगर में महिला के जेवर चोरी
उधर एनकेजे थाना अंतर्गत बजरंग नगर कालोनी निवासी 29 वर्षीय पूनम पिता बिहारीलाल नावडा के लगभग 50 हजार रूपए कीमती जेवर अज्ञात बदमाशों ने पार कर दिए। एनकेजे थाना प्रभारी मनीष सोनी के अनुसार महिला अपने परिवार के साथ मकान के दरवाजे पर बैठी थी। इसीदौरान अज्ञात बदमाश घर में घुसे और अंदर से सोने-चांदी के जेवर लेकर चंपत हो गए। चोरी गए जेवरोंं की कीमत 48 हजार रूपए बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरूद्ध धारा 380 के तहत मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है।








