कटनी के बरही निवासी इंजीनियरिंग छात्र की जबलपुर में सड़क हादसे में मौत, 2 गम्भीर

accident

कटनी के लिए जबलपुर से एक दुःखद खबर मिली है। बरही निवासी एक छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसके 2 दोस्त गम्भीर रूप से जख्मी हैं। घायल एक छात्र भी बरही का रहने वाला है। जबकि एक अन्य अनूपपुर निवासी है। हादसा दो बाइक की टक्कर से हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार कटनी बरही निवासी 18 वर्षीय लकी गुप्ता जो कि डुमना रोड स्थित हितकारिणी इंजीनियरिंग कालेज में आइटी प्रथम सेमेस्टर का छात्र था। वहीं उसी कालेज में बरही कटनी निवासी 20 वर्षीय दीपांशु पटेल कंप्यूटर साइंस में चौथे सेमेस्टर और अनूपपुर निवासी 22 वर्षीय शिवेश पटेल उर्फ सर्वेश कंप्यूटर साइंस के छठवें सेमेस्टर का छात्र है।

मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। घटना में लकी को सिर में गंभीर चोटें आई थी। उसके शरीर से अधिक खून भी बह गया था। चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दीपांशु के पैर समेत कालर बोन और शिवेश उर्फ सर्वेश के सिर में भी गंभीर चोटें आई है। यह दोनों युवक एक निजी अस्पताल में भर्ती है, वहीं अंकित का भी उपचार चल रहा है।

तीनों कालेज के ही पास किराए से मकान लेकर रह रहे थे। पुलिस पूछताछ में पता चला कि छात्रों को कालेज का प्रोजेक्ट बनाना था। तीनों बुधवार शाम बाइक से इंदिरा मार्केट गए और प्रोजेक्टर तैयार कर डुमना रोड स्थित अपने किराए के मकान में जा रहे थे। वहीं दूसरी तरफ से ककरतला के ग्राम मझगवां में रहने वाला अंकित नेगी मोटर साइकिल से शहर की ओर जा रहा था। वे नेहरा कम्पनी के पास पहुंचे ही थे कि दोनों मोटर साइकिल आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों युवक सड़क पर दूर-दूर जा गिरे।