मध्यप्रदेश

ओवर टेक ने ली जान- पिकअप वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, दो की मौत

नागदा। उज्जैन-जावरा स्टेट हाईवे पर रविवार दोपहर फिर हादसा हुआ। चौपाल सागर के सामने ओवरटेक के चक्कर में पिकअप वाहन ने बाइक सवारों को रौंद डाला। इसमें खाचरौद में रिश्तेदार से मिलने जा रहे काका ससुर और जमाई की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार तीसरा युवक भी गंभीर घायल है। इस मार्ग पर क्षेत्र में बीते डेढ़ माह में यह तीसरा हादसा है।

तहसील के ग्राम चावंड पाड़ल्या निवासी हेमराज पिता केमूराज (45) अपने भतीजा दामाद लक्ष्मण पिता रतनलाल (24) निवासी गांव उड़सिंगा, तहसील बड़नगर व साढ़ू मुकेश पिता हीरालाल चौहान (28) निवासी ग्राम सिरांेज जिला देवास के साथ मोटरसाइकल (एमपी 13-एमडी3153) पर खाचरौद तहसील के ग्राम मालाखेड़ी जा रहे थे। यहां पर मुकेश व हेमराज की बहनें रहती हैं।

यह लोग दोपहर 12.30 बजे चावंड पाड़ल्या से निकले थे। बाइक हेमराज चला रहा था। दोपहर 2 बजे के दरमियान नागदा में चौपाल सागर के समीप पहुंचने पर सामने से आ रहे एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे हेमराज व लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मुकेश घायल हो गया। घायल को शासकीय अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल उज्जैन रेफर किया गया है।

ओवर टेक ने ली जान

घायल मुकेश के मुताबिक बाइक पर वे लोग आराम से चल रहे थे। उन्हेल की ओर से नागदा रहे थे। इसी दौरान चौपाल सागर के समीप सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने एक ट्रक को ओवर टेक किया। पिकअप वाहन काफी तेज गति में था। इस कारण वाहन हमारे पर चढ़ाकर फरार हो गया। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हेमराज व लक्ष्मण के शरीर क्षत-विक्षत हो गए। शासकीय अस्पताल में शाम 4 बजे दोनों का पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए।

एक साल पहले हुई थी शादी

मृतक लक्ष्मण का एक वर्ष पूर्व ही चावंड पाड़ल्या में विवाह हुआ था। लक्ष्मण दशहरा पर्व पर सुसराल आया था। इधर मुकेश भी गांव सिरोंज से अपने साढ़ू हेमराज से मिलने चावंड पाड़ल्या आया था। गांव मालीखेड़ी में मुकेश व हेमराज की बहन रहती है। दोनों ने रविवार सुबह बहन से मिलने का मन बनाया। इसी बीच हेमराज अपने भतीजा जमाई लक्ष्मण को भी साथ ले गया। लेकिन किसी को क्या पता था कि उन दोनों का यह अंतिम सफर होगा।

डेढ़ माह में तीन हादसों में गई छह जानें

स्टेट हाईवे उज्जैन-जावरा पर आए दिन हो रही दुर्घटना से सड़क से गुजरने वाले राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। इस हाईवे पर प्रतिमाह दो से तीन दुर्घटना होती हैं। जिन में किसी न किसी की जान चली जाती है।

1 सितंबर को सुबह 11 बजे गांव हताई के समीप एक ट्रक ने एक बाइक सवार व एक कार को टक्कर मार दी थी। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में मृत पिता-पुत्र आलोट के समीप के गांव के निवासी थे। जबकि एक मृतका उन्हेल की निवासी थी। दुर्घटना में एक महिला भी घायल हो गई थी।

11 अक्टूबर को हाईवे पर बरखेड़ा मांडन फंटे के समीप एक ट्रक ने एक चार पहिया वाहन को टक्कर मार दी थी। इसमें एक महिला की मौत होने के साथ नौ लोग घायल हो गए थे। ये लोग उज्जैन के विवेकानंद कॉलोनी के निवासी थे।

21 अक्टूबर हुए ताजा हादसे में चौपाल सागर के समीप पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत। बाइक पर सवार तीसरा युवक घायल।

Leave a Reply

Back to top button