नई दिल्ली। केडी सिंह जाधव स्टेडियम में राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप के लिए ट्रायल के दौरान पहलवान प्रवीण राणा, उनके भाई नवीन राणा व राम किशोर के साथ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने व रास्ता रोकने की धाराओं में ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार व उनके पांच समर्थकों के खिलाफ मध्य जिला के आइपी एस्टेट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पहले पुलिस मामले की जांच कर रही है। जमानती धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के कारण सभी को गिरफ्तार करने के बाद थाने से ही जमानत मिल जाएगी।
पुलिस ने स्टेडियम प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज मुहैया कराने की मांग की है। मुकदमा दर्ज होने से ओलंपियन सुशील कुमार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पुलिस अधिकारी का कहना है कि सुशील के दिल्ली-एनसीआर के गैंगस्टरों के साथ सांठगांठ होने की बात पहले ही सामने आ चुकी है।








