ओमती पुलिस ने जेडीए के फर्जी अध्यक्ष को धोखाधड़ी में पकड़ा
जबलपुर, आशीष शुक्ला। सामान्य प्रशासन विभाग का फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर स्वयं को *राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त जेडीए अध्यक्ष बताने वाले जालसाज अब्दुल मेहमूद रंगरेज निवासी सराफा रोड फूटाताल को ओमती पुलिस ने बरगी क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी आदेश के संबंध में उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। हालांकि उसने पुलिस को अब तक यह नहीं बताया है कि शासन का फर्जी आदेश उसने कैसे प्राप्त किया।
घटना के संबंध में ओमती पुलिस ने बताया कि अब्दुल मेहमूद रंगरेज 22 फरवरी को जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) कार्यालय पहुंचा और स्वयं को अध्यक्ष बताकर पदभार ग्रहण की कोशिश करने लगा। उसने अधिकारियों से चैंबर, वाहन समेत अन्य सुविधाएं मांगी।
उसने अधिकारियों को मध्य प्रदेश प्राधिकरण अधिनियम 1961 की धारा 19 की उपधारा (1) के अंतर्गत जारी शासन का पत्र दिखाया जिसमें उसे जेडीए अध्यक्ष बनाए जाने तथा राज्य मंत्री का दर्जा देने का जिक्र था।
जांच में खुल गई पोल
ओमती पुलिस के मुताबिक जेडीए ने रंगरेज द्वारा दिए गए अध्यक्ष संबंधी आदेश की जांच कराने के लिए शासन से पत्राचार किया। शासन ने 29 जून को पुष्टि कर दी कि उक्त आदेश फर्जी है। *जिसके बाद जेडीए की तरफ से ओमती थाने में रंगरेज के खिलाफ 420 समेत धोखाधड़ी की अन्य धाराओं के तहत एफआइआर दर्ज कराई गई
बहन के घर छिपा था
एफआइआर दर्ज होने के बाद से रंगरेज फरार था। ओमती पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी बीच पता चला कि रंगरेज बरगी क्षेत्र स्थित अपनी बहन के घर छिपा है बरगी पुलिस के सहयोग से दबिश देकर उसे दबोच लिया गया।
सतीश झारिया, एसआई ने बताया कि
शासन के फर्जी आदेश पर जबलपुर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनने की कोशिश करने वाले जालसाज को बरगी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। आदेश के संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है

