उपसभापति चुनाव: हरिवंश Vs हरिप्रसाद के बीच आज कड़ा मुकाबला
नई दिल्लीः राज्यसभा में आज एनडीए और यूपीए के बीच कड़ा मुकाबला होने वाला है। उपसभापति पद के लिए 11 बजे चुनाव होगा। एनडीए की तरफ से जद(यू) के राज्यसभा सांसद हरिवंश नारायण सिंह जबकि विपक्ष की तरफ से कांग्रेस सांसद बीके हरिप्रसाद मैदान में हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपनी जीत के दावे कर रही है। वहीं कांग्रेस और भाजपा ने अपने सांसदों को व्हिप जारी किया है और सदन में हर हाल में पहुंचने को कहा। दूसरी तरफ YSR कांग्रेस ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लेने का ऐलान किया है। आम आदमी पार्टी और पीडीपी सांसद भी वोटिंग नहीं करेंगे।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीजू जनता दल से समर्थन मांगा है जिस पर उन्होंने इसका आश्वासन भी दिया है। बीजू जनता दल की ओर से हरिवंश को समर्थन के ऐलान के बाद एनडीए का पलड़ा भारी होता दिख रहा है। उलि्लेखनीय है कि राज्यसभा में सदस्यों की मौजूदा संख्या 244 है। उपसभापति चुनाव को जीतने के लिए उम्मीदवार को 123 मतों की जरूरत है।

नीतीश ने केजरीवाल से मांगा समर्थन
उप-सभापित पद पर होने वाले चुनाव से कुछ घंटे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से बात की और पार्टी उम्मीदवार हरिवंश नारायण सिंह के लिए आम आदमी पार्टी (आप) का समर्थन मांगा। ‘आप’ नेता एवं राज्य सभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने केजरीवाल को फोन किया और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार के लिए ‘आप’ का समर्थन मांगा। उल्लेखनीय है कि आप ने राजग उम्मीदवार को वोट नहीं देने की घोषणा की है।


