मध्यप्रदेश

उन्नाव में बालू लदा ट्रक इनोवा पर पलटा, दो बच्चों समेत 5 की मौत

unnao accident 23 06 2018

उन्नाव। चकलवंशी-मियागंज मार्ग पर तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने ओवरटेक की कोशिश में इनोवा कार को जोरदार टक्कर मार दी। कार बेकाबू होकर 5 फिट खंती में जाकर पलट गई जिसके बाद ओवरलोड ट्रक भी कार पर ही जा गिरा। हादसे में एक परिवार के 4 सदस्यों समेत पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने 4 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद 2 को जीवित बाहर निकाल लिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है । कार सवार घटना के समय वृंदावन जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार कलेक्ट्रेट ऑफिस में चकबंदी विभाग में लिपिक पद पर तैनात मूलतः बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गौरैया पुर गांव निवासी हीरालाल 32 पुत्र स्वर्गीय मनोहर लाल वर्तमान में पत्नी निर्मला, 10 वर्षीय बेटी वैष्णवी और 13 वर्षीय बेटे सूरज के साथ शहर के मोहल्ला कब्बा खेड़ा स्थित दिव्यानंद आश्रम के सामने रह रहे थे।

शुक्रवार की रात वह अपने पत्नी बच्चों और अपने साथी बांगरमऊ के गौरैयापुर गांव निवासी नंदलाल 38 पुत्र महावीर रामकुमार 25 पुत्र दुलारे व सरवन 27 पुत्र कमलेश निवासी आसद मोहिद्दीन पुर बांगरमऊ के साथ शुक्रवार रात 11:00 बजे करीब मथुरा वृंदावन के लिए अपनी कार से निकले। कार अभी चकलवंशी मियागंज मार्ग पर आसीवन थाना क्षेत्र के रसूलाबाद के पास पहुंची ही थी कि पीछे से बालू लदे ओवरलोड ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। जिससे कार बेकाबू हो 6 फिट गहरी खंती में जा गिरी। ट्रक भी अनियंत्रित हो कार के ऊपर पलट गया।

 

हादसे में कार सवार बालू के नीचे दब गए। रात 1 बजे करीब रसूलाबाद चौकी पुलिस को जैसे ही घटना की जानकारी हुई उसने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। एसपी हरीश कुमार ने वायरलेस पर मैसेज कर हसनगंज, सफीपुर , बांगरमऊ समेत आसपास के थानों की फोर्स को मौके पर भेजा और खुद मौके पर निकल पड़े।

करीब 4 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सबसे पहले चालक हीरालाल के शव को बाहर निकाला गया इसके बाद एक-एक कर सभी 7 लोगों को बाहर निकाला गया। जिसमें रामकुमार और नंदलाल को छोड़कर सभी की मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजते हुए शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। हादसे में हीरालाल का पूरा परिवार समाप्त हो गया।

Leave a Reply

Back to top button