FEATUREDLatest

उत्तराखंड में फिर आई तबाही, एक्शन में सरकार, अलर्ट पर सेना

चमोली। उत्तराखंड के चमोली में फिर से बड़ी तबाही आई है सैन्य अधिकारियों ने बताया है कि करीब 600 जवान ग्लेशियर टूटने की वजह से बाढ़ की चपेट में आने वाले इलाकों के लिए रवाना हो गए हैं।

अलकनंदा नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सचेत कर दिया गया है. लोगों से अपील की गई है कि वे नदियों से दूरी बनाकर रखें. ग्लेशियर टूटने के बाद सभी संबंधित जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया है.

चमोली जिला प्रशासन, एसडीआरएफ के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं. प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि वे गंगा नदी के किनारे न जाएं.
खबरों के मुताबिक ऋषिगंगा प्रोजेक्ट को भारी नुकसान पहुंचा है.

प्रभावित इलाकों में SDRF की कई टीमें पहुंच चुकी हैं. राहत बचाव कार्य शुरू हो गया है. ग्लेशियर टूटने की वजह से धौलीगंगा नदी में भारी बाढ़ आ गई है. बांध टूटने की वजह से नदियों के किनारे बसे गांवों को खाली कराया जा रहा है. ITBP के 200 से भी ज्यादा जवानों को राहत बचाव कार्य में लगा दिया गया है.

उत्तराखंड के गृह मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि आईटीबीपी की दो टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं. देहरादून से एनडीआरएफ की 3 टीमों को भेजा गया है. इनके अलावा 3 अन्य टीमें हेलिकॉप्टर की मदद से शाम तक पहुंच जाएंगी. एसडीआरएफ स्थानीय प्रशासन पहले से ही मौके पर मौजूद है.

ताजा जानकारी के मुताबिक अभी तक 55 से भी ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर है, इसके अलावा कई घरों के भी बहने की खबरें आ रही हैं. भागीरथी नदी के बहाव को रोक दिया गया है. अलकनंदा के पानी के प्रवाह को रोकने के लिए श्रीनगर बांध ऋषिकेश बांध को खाली कर दिया गया है. गंगा नदी के तट पर मौजूद सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं. नदियों के जल स्तर की चौबीसों घंटों निगरानी के भी आदेश दिए गए हैं. एनडीआरएफ, एसडीआरएफ पीएसी फ्लड कंपनी को उच्चतम अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के संबंधित विभागों अफसरों को हाई अलर्ट पर रख दिया है. योगी ने अधिकारियों को परिस्थितियों पर नजर रखने के आदेश दिए हैं. उत्तराखंड में आई तबाही को देखते हुए उत्तर प्रदेश में भी SDRF को अलर्ट कर दिया गया है. इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड को हरसंभव मदद पहुंचाने के भी निर्देश दिए हैं.

चमोली के बाढ़ग्रस्त इलाकों में भेजी गई सेना की तीन टुकड़ियां, राहत-बचाव कार्य के लिए दिल्ली से एयरलिफ्ट की गई NDRF की टीम

हेल्पलाइन नंबर जारीः

उत्तराखंड सरकार ने इस प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, जो कि 1070 और 9557444486 हैं। सीएम के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित इलाकों में या उसके आसपास जो लोग फंसे हैं वे इन नंबरों पर कॉल कर मदद हासिल कर सकते हैं।

Back to top button