इंदौर से दिल्ली और पटना के लिए अप्रैल से जून तक स्पेशल ट्रेन
इंदौर।पश्चिम रेलवे ने गर्मी की छुट्टियों में इंदौर से चलने वाली दो स्पेशल ट्रेनों की घोषणा कर दी है। अप्रैल से जून तक सप्ताह में दो दिन इंदौर और दिल्ली सराय रोहिल्ला और सप्ताह में एक दिन इंदौर और पटना के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। नई दिल्ली स्पेशल एलएचबी और पटना स्पेशल सामान्य कन्वेंशनल रैक से चलेगी। हालांकि अभी रेलवे ने दोनों ट्रेनों के रिजर्वेशन शुरू होने की तारीख का ऐलान नहीं किया है। इन ट्रेनों में यात्री स्पेशल किराया चुकाकर सफर कर सकेंगे।
रेलवे द्वारा जारी टाइम टेबल के मुताबिक 09301 इंदौर-दिल्ली सराय रोहिल्ला द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस 13 अप्रैल से 29 जून तक हर रविवार और शुक्रवार शाम 7.20 बजे इंदौर से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1.20 बजे सराय रोहिल्ला पहुंचेगी। वापसी में 09302 दिल्ली सराय रोहिल्ला-इंदौर स्पेशल ट्रेन 14 अप्रैल से 30 जून तक हर सोमवार और शनिवार दोपहर 2.30 बजे चलकर अगले दिन सुबह 9.10 बजे इंदौर पहुंचेगी। ट्रेन में चार जनरल, सात स्लीपर, चार थर्ड एसी, दो सेकंड एसी और दो लगेज वैन के कोच रहेंगे। ट्रेन फतेहाबाद, बड़नगर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़, चंदेरिया, भीलवाड़ा, नसीराबाद, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, जयपुर, जगतपुरा, दौसा, बांदीकुंई, अलवर, रेवाड़ी, गुड़गांव, दिल्ली कैंट होते हुए चलेगी।
इसी तरह 09307 इंदौर-पटना साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 16 अप्रैल से 25 जून तक हर सोमवार दोपहर 2 बजे रवाना होकर मंगलवार शाम 5.45 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में 09308 पटना-इंदौर साप्ताहिक स्पेशल एक्सप्रेस पटना से हर बुधवार सुबह 11.35 बजे चलकर गुरुवार दोपहर करीब पौने 3 बजे इंदौर आएगी। ट्रेन में तीन जनरल, आठ स्लीपर, चार थर्ड एसी और एक सेकंड एसी का कोच रहेगा। पटना स्पेशल ट्रेन देवास, उज्जैन, शुजालपुर, भोपाल, बीना, ललितपुर, झांसी, उरई, कानपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर, जौनपुर सिटी, वाराणसी, मुगलसराय, बक्सर और आरा होकर चलेगी।
तीन और स्पेशल ट्रेन मिलने की संभावना- इंदौर को तीन और स्पेशल ट्रेन मिल सकती हैं। इनमें इंदौर-बांद्रा, इंदौर-कोलकाता (सियालदह) और इंदौर-पुणे के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन इस साल गर्मियों में हो सकता है।

