आसाराम की टीम का ये है प्लान, ‘बापू’ से पहले शिल्पी को निकालेंगे बाहर

नेशनल डेस्‍क। आसाराम को जेल से बाहर निकालने के लिए अब उसके समर्थकों ने नया प्लान बनाया है. सीनियर वकीलों के साथ मिलकर आसाराम के समर्थक अब कानूनी दांवपेच लगाते हुए आसाराम को बाहर निकाल में जुट गए हैं. आसाराम के करीबी रहे एक समर्थक ने  बताया कि उन्होंने ‘बापू’ की जमानत का प्लान बना लिया है. इसके तहत सबसे पहले वे हाईकोर्ट में संचिता उर्फ शिल्पी की याचिका लगाएंगे।

इस याचिका को लेकर शिल्पी के पिता महेंद्र कुमार जोधपुर पहुंच चुके हैं और उन्होंने सीनियर वकील महेश बोड़ा से मुलाकात भी कर ली है. रायपुर छत्तीसगढ़ के रहने वाले महेंद्र और बोड़ा के बीच हुई इस मुलाकात में शिल्पी की सजा स्थगन को लेकर बात हुई है. यानि सलमान खान का केस लड़ने वाले महेश बोड़ा अब सोमवार को शिल्पी की याचिका हाईकोर्ट में दायर कर सकते हैं. इससे पहले शुक्रवार को वकालातनामा साइन करने की कार्रवाई पूरी किए जाने की संभावना है.

यौन उत्पीड़न के आरोप में दोषी पाए जाने पर बुधवार को आसाराम को सुनाई गई उम्रकैद की सजा के खिलाफ गुरुवार को उनके वकील राजस्थान हाईकोर्ट नहीं पहुंचे. कयास लगाए जा रहे थे कि आसाराम की ओर से कोर्ट में अपील पेश की जाएगी लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. ट्रायल कोर्ट के 453 पेज के फैसले को पढ़ने के बाद अपील के लिए आसाराम के वकीलों को अभी एक-दो दिन का समय लग सकता है.

गौरतलब है कि राजस्थान की जोधपुर सेंट्रल जेल में बुधवार को अस्थाई कोर्ट ने नाबालिग बच्ची से रेप के मामले में आसाराम को दोषी करार देते हुए ताजिंदगी कैद की सजा सुनाई. कोर्ट ने उनके अलावा दो अन्य आरोपियों को भी दोषी ठहराया है, जबकि दो आरोपी बरी हो गए. यह मामला 2013 का है, जहां पीड़िता के साथ आसाराम ने अपने ही आश्रम ने बलात्कार किया था. आसाराम पिछले 56 महीने यानि करीब 5 साल से न्यायिक हिरासत में थे और दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न की विभिन्न धाराओं में दोषी करार दिए जाने के बाद ताउम्र जेल में बिताएंगे.

Exit mobile version