आरोप: एट्रोसिटी एक्ट के डर से विदिशा में अधेड़ ने फांसी लगाकर की आत्महत्या!
विदिशा । एट्रोसिटी एक्ट के डर से एक अधेड़ द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. एट्रोसिटी एक्ट के डर से राजेंद्र सिंह राजपूत नामक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. जानकारी के अनुसार विदिशा के गजार मूढ़रा गांव का मामला बताया जा रहा है.
मामले में मिली जानकारी के अनुसार विदिशा के कोतवाली थाना इलाके के गजार मूढ़रा गांव के निवासी राजेंद्र सिंह राजपूत ने दशहरे की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक के परिजनों के अनुसार राजेंद्र का गांव के ही सुंदरलाल अहिरवार से विवाद हुआ था, जिसके बाद राजेंद्र ने एट्रोसिटी एक्ट के डर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
घटना के बाद विदिशा सपाक्स संगठनभी मृतक राजेंद्र सिंह राजपूत के घर पहुंचा. मृतक के घर पहुंचे सपाक्स संगठन ने इस काले कानून का विरोध किया और पुलिस व प्रशासन से मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये के मुआवजे व नौकरी देने की मांग की. फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस मौके पर है और मामले की जांच की जा रही है.

