अष्टमी और नवमी के इस मुहुर्त में एक घंटे तक अमृत योग, जमीन खरीदी के लिए शुभ
भोपाल। इस बार अष्टमी और नवमीं में जमीन खरीदने के लिए अमृत योग बन रहा है। लिहाजा, रजिस्ट्री की संख्या बढ़ सकती है। इसे देखते हुए जिला पंजीयक ने स्लाट बढ़ाने के लिए आईजी को पत्र लिखा है। सोमवार को राजधानी में करीब 314 रजिस्ट्रियां हुई, जो कि आम दिनों के मुकाबले काफी ज्यादा हैं।
इधर, पंडित विनोद गौतम ने बताया कि अष्टमी और नवमी यानि दोनों दिन पूर्वान्ह 11.30 से दोपहर 12.30 बजे तक जमीन की खरीदी व रजिस्ट्री के लिए अमृत योग है। इस एक घंटे में रजिस्ट्री के लिए स्लॉट भी बुक कराए जा सकते हैं। हालांकि, अन्य खरीदारी के लिए दोनों ही दिन शुभ हैं। कभी भी खरीदारी करने बाजार जाया जा सकता है।
बता दें कि इलेक्ट्रॉनिक सामान, वाहन और जमीन की खरीदी के लिए शुभ मानी जाने वाली नवरात्रि में इस बार लोगों ने कोई खास खरीदारी नहीं की है, क्योंकि इस बार बहुत ही कम शुभ योग हैं। इस बार खरीदारी के योग दुर्गा अष्टमी, रामनवमीं और दशहरा के दिन ही बन रहे हैं। 17 अक्टूबर यानि दुर्गा अष्टमी में सुबह 9.36 बजे तक उत्तर असाड़ नक्षत्र रहेगा, इसके बाद से 19 अक्टूबर रात्रि 2.45 बजे तक रवि योग चलेगा। इस योग को विशेषकर वाहन और जमीन खरीदी के लिए शुभ माना जाता है।
न्यायालयीन मामले सुलझाने 17 से 19 अक्टूबर बन रहा है योग
अष्टमी के दिन ही मकर राशि में चंद्रमा प्रवेश कर रहा है, जो कि रजिस्ट्रियों व न्यायालयीन मामलों के सुलझाने के लिए शुभ माने जाते हैं। पंडित विनोद गौतम ने बताया कि 17 से 19 अक्टूबर तक कोई भी व्यक्ति जमीन खरीदी, उसकी बुकिंग के टोकन अमाउंट, रजिस्ट्री और वाहन खरीदी जैसे शुभ कार्य करें तो वह फलदायी होगा।
लोगों की सुविधा के लिए खोले 800 स्लाट
जिला पंजीयक पवन अहिरवार ने बताया कि अष्टमी और नवमीं पर रजिस्ट्रियों की संख्या बढ़ेगी। इसको देखते हुए प्रत्येक सब रजिस्ट्रारों के स्लॉट संख्या पहले ही दिन बढ़ाकर 54 से 65 कर दिए गए हैं। यदि अष्टमी को सुबह 10 बजे ही सभी स्लॉट फुल हो गए तो स्लॉट की संख्या बढ़ाकर 72 भी कराई जा सकती है। जमीन खरीदी के शुभ योग को देखते हुए पूरे विभाग ने सभी तैयारियां पहले से ही कर ली हैं। वर्तमान में 12 सब रजिस्ट्रार हैं। लोगों की सुविधाओं के लिए कुल 800 स्लॉट खोल दिए गए हैं।

