अशोकनगर : पिकअप से टकराई बरातियों से भरी ट्रैक्टर ट्राॅली, पांच की मौत
अशोकनगर। अशोक नगर और शिवपुरी जिले की सीमा पर बुधवार रात को बरातियों से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली में पिकअप चालक ने टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली में बैठे 6 बराती नीचे गिर गए। इसमें तीन की मौके पर मौत हो गई, दो लोगों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक घायल को अशोक नगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक शिवपुरी जिले के मायापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।
कदवाया पुलिस चौकी प्रभारी आरएस कौशल ने बताया अक्षय तृतीया पर बुधवार को अमरपुर से बारात शिवपुरी जिले के मायापुर थाना अंतर्गत अमरई जा रही थी। ट्रॉली में 50 बराती बैठे हुए थे। ट्रॉली का डाला खुला हुआ था, जिसमें रात करीब 9 बजे खनियाधाना- कदवाया के बीच मोड़ पर ओवरटेक करने के प्रयास में पिकअप चालक ने टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली से छह बराती नीचे गिर गए।
घटनास्थल पर कमलेश पिता रामचरण (30) निवासी गणेशखेड़ा थाना खनियाधाना, रामराजा पिता किशन आदिवासी (16) और गोलू पिता बालकराम (18) दोनों निवासी अमरपुर देवरा की मौत हो गई, जबकि रामसिंह पिता रघुमरिया (30) और तक्की पिता सुकुआ (22) निवासी अमरपुर देवरा की अशोक नगर जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में मौत हो गई।

