चंडीगढ़:पिछले 3 दिन से जारी भारी वर्षा के कारण यमुना का जलस्तर बढऩे लगा है। सोमवार शाम छ: बजे तक यमुना का जलस्तर बढ़ कर 88 हजार क्यूसिक पहुंचा था, वहीं मात्र दो घंटों में जलस्तर 2,16,000 क्यूसेक को पार कर गया है। जिसके चलते प्रशासन द्वारा यमुना के आसपास के लगते इलाकों में अलर्ट घोषित करके उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई। यमुना का बढ़ा जलस्तर नदी के साथ लगते हरियाणा के जिलों को प्रभावित कर सकता है।
अगले 72 घंटों में दिल्ली पहुंचेगा पानी
यमुना नदी के उफान के चलते हथिनी कुंड बैराज पर 2 लाख 16 हजार क्यूसेक पानी मापा गया। आधिकारिक सूचनाओं के मुताबिक, यमुना में बढ़ा पानी दिल्ली से सटे निचले इलाकों में तबाही मचा सकता है।
वहीं पिछले दो दिन से लगातार चल रही बारिश के चलते किसानो की धान और गन्ने की फसल बर्बाद हो चुकी है। जिससे किसानों के चेहरे पर परेशानी की लकीरों को बढ़ा दिया है। यमुनानगर जिले में लगभग हर गांव में कई एकड़ भूमि जलमग्न हो चुकी है। किसान अब सरकार से उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।






















Leave a Reply