Site icon Yashbharat.com

अरुणाचल में भूस्खलन से ITBP के चार जवानों की मौत, 6 की हालत गंभीर

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश में शुक्रवार को हुए हादसे में आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के चार जवान काल के गाल में समा गए। भूस्खलन का यह हादसा लोअर सियांग के जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर दिन में ढाई बजे हुआ। हादसे के समय 20 जवानों को लेकर एक मिनी बस बसर से वेस्ट सियांग जिले में जा रही थी।

तभी बसर-अकाजान रोड पर मानसून की बारिश से ढीला हुआ पत्थर लुढ़ककर बस पर जा गिरा। बड़े पत्थर की चपेट में आकर मिनी बस पूरी तरह से बर्बाद हो गई। बस में सवार चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीन जवानों के शव मिनी बस से निकाल लिए गए हैं।

लोअर सियांग जिले के एसपी सिंगजातला सिंगफो के अनुसार हादसे में आठ जवान घायल हुए हैं जिनमें दो की हालत गंभीर है। गंभीर घायलों को लिकाबाली स्थित सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव का कार्य जारी है।

वर्षा का मौसम शुरू होने के बाद भूस्खलन से पांच दिन में हुआ यह दूसरा हादसा है। इससे पहले हुए हादसे में पांच लोग मारे गए थे। 24 जून को निर्माण में लगे पांच मजदूर भूस्खलन से अचानक दीवार ढहने से उसके नीचे दब गए थे

Exit mobile version