Latest

अयोध्या सज-धज कर तैयार: पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से आएंगे प्रभु श्रीराम, पूरी अयोध्या पर होगी पुष्प वर्षा

अयोध्या: अयोध्या सज-धज कर तैयार: पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से आएंगे प्रभु श्रीराम, पूरी अयोध्या पर होगी पुष्प वर्षा, अवधपुरी प्रभु आवत जानी, भई सकल सोभा कै खानी… रामचरित मानस की यह चौपाई रामनगरी में साकार होती प्रतीत हो रही है। 14 वर्ष के वनवास के बाद अपने राम के लौटने की खुशी में अयोध्या सज-धज कर तैयार हो रही है।

 

ayodhya

लंका विजय के बाद अयोध्या लौटने पर जिस प्रकार त्रेतायुग में श्रीराम का अभिनंदन हुआ था, कुछ उसी तरह का दृश्य यहां सजीव हो उठे, ऐसी तैयारियां हो रही हैं। 11 नवंबर की शाम भगवान राम पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से वनवासी की वेशभूषा में माता सीता व लक्ष्मण के साथ रामकथा पार्क पर उतरेंगे। यहां गुरु वशिष्ठ के रूप में सीएम योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदी बेन पटेल उनकी अगवानी करेंगे। इस बीच हेलीकॉप्टर से पूरी अयोध्या में पुष्पवर्षा होगी जो अपने आप में अद्भुत दृश्य होगा।

हेलीपैड को भी सजाया

हेलीपैड को भी सजाया जा रहा है। इसके बाद रामकथा पार्क में राम राज्याभिषेक समारोह होगा। प्रथम तिलक वशिष्ठ मुनि कीन्हा… राज्याभिषेक में श्रीराम का प्रथम तिलक गुरु वशिष्ठ ने किया था, इसलिए सीएम योगी सबसे पहले श्रीराम का राजतिलक कर आरती उतारेंगे। इसके बाद राज्यपाल व अन्य मंत्रीगण समेत संत-धर्माचार्य श्रीराम का राजतिलक करेंगे।

images 95

पैड़ी व रामकथा पार्क से सरयू तट तक के भाग को सजाया

राम के लौटने की खुशी में साकेत महाविद्यालय से राम की पैड़ी व रामकथा पार्क से सरयू तट तक के भाग को सजाया जा रहा है। राम की पैड़ी पर 21 लाख दीप जलाए जाएंगे, पूरी अयोध्या में 24 लाख दीप जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। राम की पैड़ी पर लेजर शो के जरिये रामकथा का प्रदर्शन भी उत्सव का आकर्षण बढ़ाएगा। सड़कों को चमकाने का काम चल रहा है। रामकथा आधारित जगमगाते स्वागत द्वार अयोध्या के राजसी अंदाज को बयां करते दिखेंगे। किसी गेट पर रामजन्म, तो किसी पर राम-रावण युद्ध, कहीं राम राज्याभिषेक का दृश्य दिखेगा। पूरी अयोध्या दीपोत्सव की साक्षी बन सके, इसके लिए 24 स्थानों पर लाइव प्रसारण की भी व्यवस्था की जा रही है।

untitled 1596478985

गोंडा सीमा तक हो रही है सजावट

पुराने सरयू पुल को गोंडा की सीमा तक सजाया जा रहा है। पुराने सरयू पुल पर भव्य आतिशबाजी भी उत्सव की शोभा बढ़ाती दिखेगी। दीपोत्सव में इस बार मां सरयू की महाआरती भी खास होगी। आंजनेय सेवा संस्थान के अध्यक्ष महंत शशिकांत दास ने बताया कि इस बार 5100 बत्ती की महाआरती का आयोजन किया जाएगा। सीएम योगी मां सरयू की आरती उतारेंगे। इसको लेकर सरयू के आरती घाट को रामायणकालीन दृश्यों से सजाया जा रहा है।

रामकथा आधारित प्रतियोगिता कल

दीपोत्सव के अवसर पर अयोध्या शोध संस्थान के संयोजन में रामकथा/रामायण परंपरा पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय बालिका इंटर काॅलेज में 9 नवंबर की सुबह 10.45 बजे से होगा। सभी प्रतिभागी बच्चों को रंग और ड्राॅइंग शीट अयोध्या शोध संस्थान उपलब्ध कराएगा। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल पेंटिंग का मूल्यांकन करेगा और जूनियर व सीनियर वर्ग से अलग-अलग प्रथम, द्वितीय व तृतीय को विशेष पुरस्कार व अन्य सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र के साथ दीपोत्सव कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

Back to top button