अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के कच्चे तेल पर मूल्य युद्ध समाप्त होने के संकेत से तेल भाव में उछाल

एजेंसी,लंदन।कच्चे तेल के वायदा भाव में बृहस्पतिवार को 30 प्रतिशत की जोरदार तेजी देखी गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्वीट के बाद तेल के भाव में तेजी आयी। उन्होंने उम्मीद जतायी है कि सऊदी अरब और रूस के बीच कच्चे तेल के दाम में कमी को लेकर जारी लड़ाई समाप्त हो जाएगी।
ब्रेंट नार्थ सी क्रूड का भाव एक समय 36.29 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया लेकिन बाद में कुछ सुधरा और करीब 25 प्रतिशत की तेजी के साथ 30.82 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट तेल का भाव एक समय बढ़कर 27.39 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया था। जो बाद में कुछ सुधार के साथ 25.4 प्रतिशत बढ़कर 25.47 डॉलर पर रहा।
गौरतलब है कि कहर से दुनिया के अधिकतर देशों में लॉकडाउन है। इसकी वजह से पेट्रोल-डीजल की मांग घटी है तो वहीं दूसरी ओर सऊदी अरब और रूस के बीच कीमत युद्ध के चलते कच्चा तेल और कमजोर हुआ । हालात यह है कि एक लीटर कच्चे तेल का दाम एक लीटर बोतल बंद पानी की कीमत से भी नीचे पहुंच गया। मौजूदा रेट के मुताबिक एक बैरल कच्चा तेल भारतीय रुपये में करीब 1500 रुपये का पड़ रहा। बता दें एक बैरल में 159 लीटर होते हैं और ऐसे में एक लीटर कच्चे तेल का दाम 9.43 रुपये प्रति लीटर से भी कम पड़ रहा है, जबकि भारत में पानी की एक बोतल 20 रुपये में मिलती है।
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक एशियाई बाजारों में मंगलवार को तेल कीमतों के 18 साल के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद, कीमतों में तेज सुधार देखने को मिला। कारोबारियों ने बताया कि कोरोना वायरस महामारी के चलते बढ़ती आशंकाओं के बीच निवेशकों ने नीतिनिर्माताओं के कदम पर भरोसा किया। अमेरिकी मानक वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट 7.3 प्रतिशत उछलकर 21.5 डॉलर प्रति बैरल हो गया, जबकि अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 3.3 प्रतिशत की तेजी के साथ 23.5 डॉलर प्रति बैरल पर था।








