US Election Results 2020 Live: बिडेन ने रचा कीर्तिमान, ओबामा का रिकॉर्ड तोड़ बने सबसे अधिक वोट हासिल करने वाले उम्मीदवार

US Presidential Elections 2020 Live Updates: दुनिया के सबसे ताकतवर मुल्क अमेरिका में बिडेन और ट्रंप मैदान में हैं। राष्ट्रपति चुनाव की वोटों की गिनती जारी है। राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी की ओर से वर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से पूर्व उपराष्ट्रपति जो बिडेन मैदान में हैं। बिडेन बहुमत के करीब पहुंच चुके हैं। 538 इलेक्टोरल वोट्स में से बहुमत के लिए 270 वोट्स की जरूरत है। फिलहाल, बिडेन के हिस्से 264 इलेक्टोरल वोट्स, जबकि ट्रंप के पास सिर्फ 214 वोट्स हैं। बिडेन बहुमत के आंकड़े (270) से सिर्फ 6 वोट्स दूर हैं। हालांकि, अभी कई प्रमुख राज्यों में नतीजे आने बाकी हैं। वहीं, ट्रंप ने वोटों की गिनती पर सवाल उठाया है। इसके लिए ट्रंप सुप्रीम कोर्ट पहुंच गए हैं। ट्रंप ने ट्वीट कर कहा, कल जहां हम जीत रहे थे, वहां अचानक पीछे कैसे हो गए। पिछली रात मैं मजबूती के साथ लीड कर रहा था। कई राज्यों में डेमोक्रेट ने मतगणना पर कंट्रोल किया। वहीं, बिडेन ने कहा है कि हमें पूरा भरोसा है कि जीत हमारी ही होगी। मगर ये सिर्फ हमारी अकेले की जीत नहीं होगी। यह जीत अमेरिकी लोगों की होगी, हमारे लोकतंत्र की होगी, अमेरिका की होगी। दूसरी तरफ, ट्रंप के चुनावी अभियान ने पेंसिल्वेनिया, मिशीगन और जॉर्जिया सरकार पर मुकदमा दायर किया है। इन राज्यों में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप अपने प्रतिद्वंद्वी जो बिडेन से पीछे रह गए हैं।
लाइव अपडेट
10:57 AM, 05-Nov-2020
इस वक्त अमेरिकी चुनाव पर कोई टिप्पणी नहीं: संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के प्रवक्ता ने कहा कि वह इस समय अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव 2020 पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं और पूरी प्रक्रिया पर करीब से नजर रखी जा रही है। प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बुधवार को कहा, नहीं, इस समय नहीं। मेरा मतलब है कि हम निश्चित तौर पर पूरी प्रक्रिया पर करीब से नजर बनाए हुए हैं। अब भी प्रक्रिया चल रही है। इस समय हम टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं।
10:50 AM, 05-Nov-2020
बैटलग्राउंड स्टेट पेंसिलवेनिया में ट्रंप को मिली बढ़त
एडिशन रिसर्च के मुताबिक, बैटलग्राउंड स्टेट पेंसिलवेनिया में 89 फीसदी वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। ट्रंप को यहां पर 50.7 फीसदी वोट हासिल हुए हैं। वहीं, बिडेन को 48.1 फीसदी वोट मिले हैं।
10:29 AM, 05-Nov-2020
बिडेन ने हासिल किया खास रिकॉर्ड
इस बार के राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेट्स उम्मीदवार जो बिडेन ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है। अमेरिकी चुनावी इतिहास में किसी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को अब सबसे अधिक वोट मिलने का रिकॉर्ड बिडेन ने अपने नाम कर लिया है। अभी तक हुई वोटों की गिनती के मुताबिक, बिडेन को सात करोड़ वोट मिले हैं। वहीं ट्रंप को करीब 6.8 करोड़ वोट हासिल हुए हैं। बता दें कि, इससे पहले यह रिकॉर्ड बराक ओबामा के नाम था। ओबामा को 6.94 करोड़ वोट हासिल हुए थे।
10:20 AM, 05-Nov-2020
कोलाराडो और एरिजोना में डेमोक्रेट्स को मिली जीत
डेमोक्रेटिक पार्टी को कोलाराडो और एरिजोना में जीत हासिल हुई है। डेमोक्रेट्स के लिए यह जीत बहुत जरूरी थी, लेकिन पार्टी को अलाबामा में हार मिली है।
10:11 AM, 05-Nov-2020
वोटों की गिनती पूरी होने पर हम जीतेंगे: बिडेन
जो बिडेन ने कहा है कि उन्हें पूरा विश्वास है कि वोटों की पूरी गिनती होने के बाद वह राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं। बिडेन ने कहा, वह स्विंग स्टेट में ट्रंप पर बढ़त बनाए हुए हैं, इसलिए उनका मानना है कि ये राज्य नतीजों पर प्रभाव डालेंगे। बिडेन ने कहा, मैं यहां यह कहने नहीं आया हूं कि हम जीत रहे हैं। लेकिन मैं यहां यह कहने आया हूं कि मुझे विश्वास है जब गिनती पूरी हो जाएगी, तो हम जीतेंगे।
10:02 AM, 05-Nov-2020
अमेरिकी नागरिकों को मतदान प्रक्रिया पर हो विश्वास: कमला हैरिस
अमेरिकियों को मतदान प्रक्रिया में विश्वास होना चाहिए और संवैधानिक अधिकार है कि उनके विधिपूर्वक डाले गए मतपत्रों को गिना जाए। यह सरल प्रस्ताव अमेरिकी लोकतंत्र की आधारशिला है।
Americans should have faith in the voting process and have the constitutional right to have their lawfully cast ballots counted. That simple proposition is a cornerstone of American democracy.
— Kamala Harris (@KamalaHarris) November 5, 2020








