अब BJP के प्रत्‍येक कार्यकर्ता पीएम केयर्स कोष में दान करेंगे 100 रुपये, BJP Chief JP Nadda ने की अपील

नई दिल्ली. भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा (BJP Chief JP Nadda) ने सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं (BJP Workers) से अपील की कि वे प्रधानमंत्री ‘नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष’ (PM Cares Fund) में 100-100 रुपये दान दें तथा 10 अन्य लोगों को भी ऐसा करने के लिये प्रेरित करें.

नड्डा ने एक संदेश में कहा, “मैं आप सभी से पीएम-केयर्स कोष में अपना योगदान देने की अपील करता हूं. हमारा छोटा समर्थन बड़ा योगदान बन सकता है. मैं हर भाजपा कार्यकर्ता से प्रधानमंत्री केयर फंड में कम से कम 100 रुपये का योगदान करने तथा 10 और लोगों को भी ऐसा ही योगदान करने के लिये प्रेरित करने का अनुरोध करता हूं.” उन्होंने कहा कि यह वक्त की मांग है और भाजपा कार्यकर्ता अपने छोटे दान से बड़ा योगदान कर सकते हैं.

भाजपा सांसद और विधायक देंगे एक महीने की सैलरी
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इससे पहले शनिवार को घोषणा की थी कि कोरोना वायरस (Coronavirus) की रोकथाम से जुड़े सरकार के कार्यो में मदद के लिये पार्टी के सभी सांसद और विधायक अपने एक माह का वेतन एवं भत्ते केंद्रीय राहत कोष में देंगे.

नड्डा ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘कोविड-19 (Covid-19) के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के सभी सांसद और विधायक अपने एक माह का मानदेय/ वेतन केंद्रीय राहत कोष में दान करेंगे.’’ उन्होंने कहा कि इसका उपयोग वायरस की रोकथाम और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों में किया जायेगा.

पैदल घर जा रहे लोगों को सुरक्षा और भोजन देने के भी दिए थे निर्देश
इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मुम्बई, दिल्ली के करीब 40 हजार कार्यकर्ताओं से ऑडियो/ वीडियो संवाद में कहा था कि विषम परिस्थितियों में जो भी लोग पैदल ही अपने घरों के लिए निकल पड़े हैं, उन्हें सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य तक पहुंचाने हेतु पार्टी कार्यकर्ता स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं. पार्टी कार्यकर्ता उनकी सुरक्षा और भोजन का भी उचित प्रबंध करें .

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कोरोना वायरस से लड़ने के लिये अपनी सरकार के प्रयास के तहत इस कोष की स्थापना की थी और लोगों से इसमें खुले दिल से दान करने को कहा है.

गौरतलब है कि भाजपा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को पांच करोड़ जरूरमंद लोगों को भोजन सुलभ कराने को कहा है

Exit mobile version