अब पुराने तरीके से साल में एक बार ऑफ़ लाइन होगी NEET परीक्षा

नई दिल्ली। मेडिकल में प्रवेश के लिए होने वाली नीट (नेशनल एलिजबिलिटी कम एंट्रेस टेस्ट) यानी राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा अब पुराने तरीके से ही होगी। यानी साल में एक बार और पेन-पेपर के जरिये होगी। स्वास्थ्य मंत्रालय की आपत्ति के बाद मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने आखिरकार साल में दो बार नीट कराने की अपनी महत्वाकांक्षी योजना को टाल दिया है। ऑनलाइन परीक्षा कराने के प्रस्ताव को भी हटा दिया गया है।
यह है नीट परीक्षा का कार्यक्रम-
मेडिकल कॉलेज में दाखिले की अगली परीक्षा अगले साल 5 मई को होगी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन एक नंबर से शुरू होगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को नीट, जेईई सहित कई अन्य परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया।
ये परीक्षाएं अभी तक सीबीएसई आयोजित करती रही है। पहली बार इन परीक्षाओं का जिम्मा एनटीए को सौंपा गया है। नीट के पैटर्न में बदलाव को लेकर यह हलचल उस समय शुरू हुई, जब मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इनमें बदलावों को लेकर अधिकृत तौर पर घोषणा की।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानक के तहत साल में दो बार परीक्षाएं होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने नीट और जेईई मुख्य परीक्षाओं को भी साल में दो बार कराने की घोषणा की। साथ ही कहा कि इससे उन छात्रों के लिए आसानी होगी, जिन्हें किन्हीं कारणवश पेपर खराब होने या न दे पाने के चलते पूरे साल भर इन परीक्षाओं का इंतजार करना पड़ता है। हालांकि मानव संसाधन विकास मंत्रालय का यह प्लान जैसे ही स्वास्थ्य मंत्रालय के पास पहुंचा, उसे सिरे से खारिज कर दिया गया। साथ ही नीट को पुराने पैटर्न से ही कराने को लेकर सहमति दी।
जेईई मेंस की साल में अब दो बार होगी परीक्षा-
डेढ़ दशक की कड़ी मशक्कत के बाद मानव संसाधन विकास मंत्रालय इस बीच बदलाव की अपनी एक मुहिम में सफल रहा है। इसके तहत जेईई मुख्य परीक्षा अब साल में दो बार होगी। एनटीए ने इसे लेकर परीक्षा कार्यक्रम भी जारी कर दिया है।
जावड़ेकर ने नीट के साथ जेईई की परीक्षा भी साल में दो बार कराने की घोषणा की थी। हालांकि यह बदलाव मंत्रालय को ही करना था, जिसमें वह सफल रहा। एनटीए की ओर से जारी कार्यक्रम के तहत जेईई मुख्य पहली परीक्षा 6 से 20 जनवरी 2019 के बीच होगी, जबकि दूसरी परीक्षा 6 से 20 अप्रैल 2019 के बीच होगी। दोनों ही परीक्षाएं कंप्यूटर बेस्ड यानी ऑनलाइन होंगी।
इसकी प्रैक्टिस के लिए एनटीए ने देशभर में 26 सौ से ज्यादा टेस्ट प्रैक्टिस सेंटर बनाए है। इनमें इंजीनियरिंग कॉलेज और स्कूलों के कंप्यूटर लैब शामिल हैं। एनटीए ने इसके अलावा यूजीसी नेट 2018 और सीमैट और जीपैट परीक्षाओं का भी कार्यक्रम जारी किया है। इनमें यूजीसी नेट की परीक्षा 9 से 23 दिंसबर 2018 के बीच होगी, जबकि सीमैट और जीपैट की परीक्षा 28 जनवरी 2019 को होगी।








