अब क्रिकेट का बैट लेकर पहुंचे भाजयुमों उपाध्यक्ष, नगर पालिका में धमकी देने का सिलसिला दूसरे दिन भी रहा जारी
दमोह। नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारियों को क्रिकेट बैट की धमकी देने का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष विवेक अग्रवाल शुक्रवार को भी कार्यालय में क्रिकेट का बैट लेकर पहुंचे और उन्होंने कर्मचारियों को धमकी देने का प्रयास किया। उनका कहना है कि विधायक आकाश विजयवर्गीय की तरह वह भी संदेश देना चाहते हैं कि जो कर्मचारी जनता के हितों से जुड़े कार्य करने में लापरवाही करेंगे, उन्हें उनके गुस्से का सामना करना पड़ेगा।
गुरुवार को भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनीष तिवारी ने एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की थी, जिसमें भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय द्वारा किए गए कृत्य का हवाला देकर एक मैसेज लिखा था कि दमोह भाजपा युमो उपाध्यक्ष भी अपने वार्ड के कार्यों के लिए नगरपालिका कर्मचारियों को बैट के साथ चेतावनी दे रहे हैं। साथ में यह भी लिखा था कि पहले आवेदन, फिर निवेदन और उसके बाद दे-दनादन।
इस पोस्ट के वायरल होने के बाद नईदुनिया ने इस खबर को प्रकाशित किया था, जिसमें भाजयुमो उपाध्यक्ष विवेक अग्रवाल का वह बयान भी शामिल किया था, जिसमें उन्होंने खुले रूप से कर्मचारियों को चेतावनी दी थी।
शुक्रवार को विवेक अग्रवाल फिर से नगरपालिका पहुंचे। उन्होंने बैट भी थाम रखा था, जिसे वह अपने कंधे पर रखकर नगरपालिका कार्यालय में घूमकर कर्मचारियों में भय का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे थे। शुक्रवार को इसका वीडियो भी वायरल हुआ, लेकिन नगरपालिका प्रशासन, कर्मचारी और जिला प्रशासन में से किसी ने भी इस हरकत पर कोई एक्शन नहीं लिया।
लेखााधिकारी कह रहे, मुझे नहीं दी धमकी
नपा में लेखाधिकारी के पद पर पदस्थ अनिल गुप्ता इस बात को नकार रहे हैं कि उन्हें विवेक अग्रवाल ने धमकी दी है। उनका कहना है कि विवेक अग्रवाल ने उनसे ये कहा था कि वह अपने बच्चे के लिए बैट खरीदकर लाए हैं जबकि विवेक अग्रवाल खुलकर कह चुके हैं कि उन्होंने गुप्ता को बैट की धमकी देकर समझाइश दी है कि यदि उन्हें मजबूर किया गया तो वह भी विधायक आकाश की तरह बैट का उपयोग करेंगे। शुक्रवार को भी विवेक अग्रवाल ने वही बयान दोहराया है।
राहुल सिंह, विधायक, दमोह
इनका कहना है
इस मामले की जानकारी उन्हें भी मिली है लेकिन किसी कर्मचारी ने अभी तक कोई शिकायत नहीं की है, वह कलेक्टर से बात करेंगे कि इस तरह के कृत्य को रोकने के लिए क्या किया जाए।
मैं दिखवाता हूं
उन्हें इस बारे में सूचना मिली थी कि गुरुवार को विवेक अग्रवाल नाम का युवक नगर पालिका में बैट लेकर गया था। यदि वह शुक्रवार को भी इस तरह पहुंचे और कर्मचारियों में डर का माहौल बनाने का प्रयास किया है, तो वह दिखवाते हैं कि इसमें क्या कार्रवाई हो सकती है।
– तरुण राठी, कलेक्टर, दमोह

