अनुकंपा नियुक्तियों की डिटेल वेबसाइट पर सार्वजनिक होगी, केंद्र सरकार का निर्देश

नई दिल्ली। अनुकंपा नियुक्तियों को लेकर केंद्र सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। सरकार ने सभी विभागों को अनुकंपा नियुक्तियों से जुड़े विवरण अपनी वेबसाइटों पर सार्वजनिक करने को कहा है। ऐसा केंद्र ने केंद्रीय सूचना आयोग के आदेश पर किया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कार्मिक मंत्रालय ने गत 20 मई को एक आदेश में सभी विभागों को सीआइसी के निर्देश का पालन करने को कहा था।

एक मामले की सुनवाई के दौरान सूचना आयोग ने कहा था, यह नियम होना चाहिए कि सारी जानकारियां स्वेच्छा से सार्वजनिक हों ताकि लोगों को केवल अपवाद स्वरूप ही जानकारियां मांगनी पड़ें।

आयोग का कहना था, ‘सूचना के अधिकार अधिनियम का उद्देश्य ही एक पारदर्शी सरकार है। सभी सरकारी कार्यालय स्वेच्छा से जानकारियों को सार्वजनिक करने के मानकों का पालन करने पर ही यह संभव हो पाएगा।’

आदेश के मुताबिक, ‘आयोग का मानना है कि सरकार के सारे मंत्रालयों और स्वायत्त संस्थाओं में लंबित अनुकंपा नियुक्ति की डिटेल और अनुकंपा नियुक्ति से जुड़ीं नीतियों को वेबसाइटों पर अपलोड किया जाना चाहिए ताकि सूचना के अधिकार अधिनियम को कारगर बनाया जा सके।’

Exit mobile version