अति गंभीर कुपोषित बच्चों के लिए 400 रुपये देगी मध्यप्रदेश सरकार
भोपाल राज्य सरकार अति गंभीर कुपोषित बच्चों को पोषण आहार देने के लिए दो किश्तों में चार सौ रुपये प्रोत्साहन राशि देगी। यह राशि ‘पोषित परिवार-सुपोषित मध्य प्रदेश” कार्यक्रम के तहत बच्चों के स्वजनों को दी जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस संबंध में कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
कार्यक्रम के तहत दो प्रावधान किए गए हैं। पहली किश्त ऐसे पंजीकृत अति गंभीर कुपोषित बच्चों के स्वजनों को दी जाएगी, जो अति गंभीर कुपोषण की श्रेणी में आने के बाद मध्य गंभीर कुपोषण की श्रेणी में आ चुके हैं।
वहीं दूसरी किश्त उन बच्चों को दी जाएगी, जो मध्य गंभीर कुपोषण की श्रेणी में आने के बाद सामान्य पोषण स्तर की श्रेणी में आ चुके हैं। विभाग बच्चे की उम्र अनुसार टीकाकरण, छह माह बाद ऊपरी खाने के स्तर की जानकारी भी जुटाएगा। इस आधार पर आकलन किया जाएगा कि परिवार का स्वास्थ्य एवं पोषण और शिक्षा का स्तर क्या है। वर्तमान में प्रदेश में अति गंभीर कुपोषित बच्चों के समुदाय आधारित पोषण प्रबंधन कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है।