Latestyashbharatव्यापार

अजीबोगरीब: पर्सनल सेक्रेटरी ने चुराया Paytm के बॉस का डाटा और मांगे 20 करोड़

नोएडा। पेटीएम कंपनी के संस्थापक और मैनेजिग डायरेक्टर (एमडी) विजय शेखर शर्मा से 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की आरोपित कंपनी की वाइस प्रेसीडेंट सोनिया धवन, उसके पति रूपक जैन व कंपनी कर्मचारी देवेंद्र कुमार को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। सोनिया धवन विजय शेखर की निजी सचिव भी थी।

आरोप है कि सोनिया एमडी के मोबाइल और कंप्यूटर से कंपनी का गोपनीय डाटा चोरी कर कोलकाता में रहने वाले रोहित चोमल की मदद से उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी। हालांकि, रोहित अभी फरार है।

कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट व एमडी के भाई अजय शेखर शर्मा की शिकायत पर नोएडा कोतवाली सेक्टर 20 की पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। सीनियर वाइस प्रेसीडेंट अजय शेखर ने बताया कि प्रतीक लोरियल सोसायटी सेक्टर 120 में रहने वाली सोनिया धवन कंपनी में वाइस प्रेसीडेंट थी। वह कंपनी में पिछले 10 वर्षों से जुड़ी हुई थी।

आरोप है कि सोनिया ने साजिश के तहत उनके भाई के मोबाइल और कंप्यूटर से गोपनीय और निजी डाटा चोरी कर लिया। इस साजिश में सोनिया का पति रूपक जैन और शाहदरा सूरजपुर निवासी कंपनी कर्मी देवेंद्र कुमार भी शामिल था। इन लोगों ने साजिश के तहत कोलकाता निवासी आरोपित रोहित चोमल को डाटा दिया और उसने 20 सितंबर को कंपनी के एमडी विजय शेखर को व्हाट्सएप कॉल कर डाटा को सार्वजिनक करने की धमकी देकर 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी।

आरोपित की ओर से दिए खाते में कंपनी की तरफ से 10 अक्टूबर को चेक करने के लिए 67 रुपये और बाद में 15 अक्टूबर को दो लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए हैं। इसके बाद आरोपित 10 करोड़ और खाते में जमा कराने का दबाव बनाने लगे थे।

सोनिया, विजय शेखर की निजी सचिव होने के कारण हमेशा उनके साथ ही रहती थी और कंपनी के सभी कार्य के बारे में उसे जानकारी होती थी। उसे मोबाइल और कंप्यूटर का पासवर्ड तक पता था। इसका फायदा उठाते हुए उसने निजी डाटा चोरी कर लिया।

उधर, पेटीएम की वाइस प्रेसीडेंट रही सोनिया धवन के वकील ने बताया कि पुलिस ने सोमवार दोपहर करीब तीन बजे सोनिया व देवेंद्र को सेक्टर- 5 स्थित पेटीएम के दफ्तर से जबकि उसके पति को सेक्टर 120 स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया है। वह चार बजे से कोतवाली में हैं और वह उन दोनों से मिलना चाहते हैं, लेकिन पुलिस पूछताछ की बात कह कर उन लोगों से मिलने नहीं दे रही है। उन लोगों से बातचीत के बाद ही आरोपों पर कुछ कह सकेंगे।

पेटीएम कंपनी की तरफ से मिली शिकायत के आधार पर एफआइआर दर्ज कर महिला और उसके पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य आरोपित फरार है। -डॉ. अजय पाल शर्मा, एसएसपी

Leave a Reply

Back to top button