नई दिल्ली। YEAR 2025 साल 2025 आज 31 दिसंबर के साथ इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। यह वर्ष देश के लिए भावनाओं, त्रासदियों और उपलब्धियों का मिला-जुला साल रहा। जहां कुछ घटनाओं ने पूरे राष्ट्र को झकझोर कर रख दिया, वहीं कई ऐतिहासिक उपलब्धियों ने हर भारतीय को गर्व का अनुभव कराया।
दिल्ली रेलवे स्टेशन से लेकर बेंगलुरु के क्रिकेट स्टेडियम तक, भारी भीड़ के कारण हुई भगदड़ की घटनाओं ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। वहीं पहलगाम आतंकी हमले ने पूरे देश का दिल दहला दिया। लेकिन इसके जवाब में भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने देशवासियों के जख्मों पर मरहम लगाने का काम किया।
इसी वर्ष भारत की बेटियों ने पहला आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया और अयोध्या में राम मंदिर पर ध्वजारोहण के साथ सदियों पुराना सपना साकार हुआ।
आइए नज़र डालते हैं साल 2025 की देश की 10 सबसे बड़ी घटनाओं पर—
1. महाकुंभ में मची भगदड़
प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के दौरान 28-29 जनवरी की रात भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 37 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दर्जनों घायल हुए। घटना ने भीड़ प्रबंधन की पोल खोल दी।
2. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़
15 फरवरी की रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अचानक मची भगदड़ में 18 लोगों की जान चली गई। घायलों को समय पर एंबुलेंस और मदद न मिलने से हालात और भयावह हो गए। राजधानी के सबसे बड़े स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे।
3. पहलगाम आतंकी हमला
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया। इस हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की मौत हो गई। देशभर में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया
4. ऑपरेशन सिंदूर
पहलगाम हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 6-7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। इस सटीक सैन्य कार्रवाई में आतंकियों के ठिकानों को तबाह किया गया। ऑपरेशन में विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी की भूमिका विशेष रूप से सराही गई।
5. बेंगलुरु स्टेडियम भगदड़
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पहली आईपीएल जीत का जश्न 3 जून को मातम में बदल गया। चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई।
6. एअर इंडिया विमान हादसा
12 जून को एअर इंडिया का विमान टेकऑफ के कुछ मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में 241 यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 260 लोगों की मौत हुई। केवल एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच पाया।
7. भारत ने जीता महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2 नवंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को हराकर पहला आईसीसी वर्ल्ड कप जीत लिया। यह जीत भारतीय खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय बन गई।
8. लाल किले पर बम धमाका
10 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास हुए बम ब्लास्ट ने राजधानी को हिला दिया। इस आतंकी घटना में 12 लोगों की मौत हुई और करीब 30 लोग घायल हो गए।
9. राम मंदिर में ध्वजारोहण
25 नवंबर को अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज फहराया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया यह ध्वजारोहण ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण बन गया।
10. इंडिगो फ्लाइट संकट
दिसंबर माह में इंडिगो एयरलाइंस द्वारा 5,000 से अधिक उड़ानें रद्द किए जाने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। देशभर में हवाई यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
साल 2025 ने देश को कई जख्म दिए, लेकिन इसी साल भारत ने साहस, एकजुटता और सफलता की नई मिसालें भी कायम कीं। यह वर्ष हमेशा याद रखा जाएगा—एक ऐसे साल के रूप में, जिसने भारत को झकझोरा भी और मजबूत भी बनाया।



















