katniमध्यप्रदेश

ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान के अंतर्गत ग्राम खोहरी में ग्राम उत्सव का आयोजन

ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान के अंतर्गत ग्राम खोहरी में ग्राम उत्सव का आयोज

कटनी- मध्य प्रदेश शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान के अंतर्गत 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड कटनी के सेक्टर क्रमांक 1 मझगवां फाटक अंतर्गत ग्राम खोहरी में ग्राम उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों की सक्रिय सहभागिता एवं उत्साहपूर्ण उपस्थिति देखने को मिली।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड कटनी के ब्लॉक समन्वयक श्री बालमुकुंद मिश्र ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अभियान के उद्देश्यों एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश शासन के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह अभियान प्रदेशभर में संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य शासन की जनहितैषी योजनाओं, लोककल्याणकारी कार्यक्रमों एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है।
उन्होंने ग्रामवासियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को सहेजने एवं उन्हें जीवंत बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही ग्राम को शत-प्रतिशत स्वच्छ, नशामुक्त, विवादमुक्त बनाने, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक व्यक्ति व्यक्तिगत रूप से समृद्ध होगा, तभी ग्राम और समाज भी समृद्ध बन सकेगा।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में ग्राम की माध्यमिक शाला के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने सुंदर एवं अनुशासित लोकनृत्य प्रस्तुत कर ग्रामवासियों का भरपूर मनोरंजन किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक का सशक्त मंचन किया गया, जिसमें नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाते हुए समाज को नशे से दूर रहने का प्रेरणादायक संदेश दिया गया। बच्चों की इस प्रस्तुति की ग्रामवासियों, अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा मुक्त कंठ से सराहना की गई।
कार्यक्रम के तृतीय चरण में ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठजनों ने पूरे उत्साह, उमंग एवं खेल भावना के साथ सहभागिता कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे वातावरण उल्लासमय बन गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ग्राम के सामाजिक, शैक्षणिक एवं विकासात्मक कार्यों में निरंतर योगदान देने वाले विशिष्ट ग्रामवासियों को नवांकुर संस्था दिव्या जन कल्याण समिति, बोहता के माध्यम से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे ग्रामवासियों में हर्ष एवं गौरव का वातावरण बना।
इस सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारी हेतु ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति, खोहरी के अध्यक्ष  शशीकांत पटेल ने विगत कई दिनों से विशेष कार्ययोजना तैयार कर निरंतर मार्गदर्शन एवं नेतृत्व प्रदान किया। समिति के सचिव श्री अजीत कुमार पटेल ने भी आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का सशक्त एवं प्रभावशाली संचालन प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष शशीकांत पटेल द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, सहयोगी संस्थाओं एवं समस्त ग्रामवासियों के प्रति आभार प्रदर्शन नवांकुर संस्था के सेक्टर प्रभारी राजू यादव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष राम पटेल, ग्राम पंचायत सरपंच तेजभान सिंह ठाकुर, स्थानीय विद्यालयों के शिक्षकगण, भूतपूर्व सैनिक  गोपाल पटेल, पूर्व सरपंच  बलवीर सिंह ठाकुर, वरिष्ठ ग्रामवासी  नरेश नायक,  सुरेश नायक,  हुकुमचंद पटेल,  अशोक यादव,  लखन पटेल,  दीनानाथ पटेल, आकाश पटेल,  ओमदत्त पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे ग्राम को सामाजिक रूप से सशक्त एवं जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

Back to top button