VIDEO: सुधार कार्य के लिए पोल में चढ़े हेल्पर को लगा करंट

https://youtu.be/XYc_EgZRl8I

कटनी। विजयराघगवढ़ क्षेत्र के ग्राम कारीतलाई में कल शाम विद्युत पोल में चढ़कर सुधार कार्य कर रहा एक हेल्पर समीप से गुजर रही 11 केव्ही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ जाने के कारण गंभीर रूप से झुलस गया।

हाईटेंंशन लाइन की चपेट में आने से हुआ हादसा, हालत गंभीर

जख्मी हेल्पर को उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र विजयराघवगढ़ लाया गया जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया गया। हेल्पर के साथ हुये इस हादसे को ठेका कंपनी की बड़ी चूक माना जा रहा।
गौरतलब है कि जिले में विद्युत मेंटीनेंस का ठेका प्राइम वन नामक कंपनी को दिया गया है। कंपनी द्वारा अनेक अप्रशिक्षित लोगों को कम वेतन में भर्ती कर उनसे जोखिम भरे कार्य भी कराये जाते हैं।

कल शाम कारीतलाई क्षेत्र में फाल्ट की शिकायत मिलने के बाद लाइनमैन रामखिलावन तिवारी के साथ हेल्पर नरेश कोल को विद्युत सुधार कार्य के लिए कारीतलाई भेजा गया था।

हेल्पर नरेश कोल जब विद्युत पोल में चढ़कर सुधार कार्य कर रहा था तभी वह बगल से गुजर रही 11 केव्ही की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट के तेज झटके से वह बेहोश होकर खंभे पर ही झूल गया।

लगभग 15 मिनट तक वह खंभे पर ही लटका रहा बाद में ग्रामीणों की मदद से लाइनमैन रामखिलावन तिवारी ने उसे नीचे उतरवाया। वाहन की व्यवस्था कर हेल्पर नरेश कोल को शासकीय अस्पताल लाया गया। जहां से उसे कटनी भेज दिया गया।

बताया गया कि पोल में चढ़कर कार्य करने की जिम्मेदारी हेल्पर की नहीं होती पर प्रायः हर जगह हेल्परों को ही पोल में चढ़ाया जाता है। जिस पोल में चढ़कर हेल्पर काम कर रहा था उससे कुछ ही दूरी से हाईटेंशन लाइन गुजरी हैं। इस बात का ध्यान भी नहीं रखा गया।

सुधार कार्य के दौरान विद्युत कर्मियों को सुरक्षा के उपकरण भी ठेका कंपनी द्वारा उपलब्ध नहीं कराये जाते इसी कारण इस तरह के हादसे हो रहे। कल के हादसे में करंट से झुलसे कारीतलाई के बरातीलाल निवासी हेल्पर नरेश कोल की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

Exit mobile version