Vice President in Jabalpur विश्व योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सपत्नीक जबलपुर पहुंचे

Vice President in Jabalpur: विश्व योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने भारत के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सपत्नीक आज शाम 4.20 पर जबलपुर पहुंच गए। उनका विशेष विमान जबलपुर के डुमना हवाई पहुंचा। इसके बाद उनका स्वागत अतिथियों और अधिकारियों ने किया जहां से सीधे नर्मदा की सौंदर्यता और संगमरमरी वादियों के मनमोहक दृश्य को देखने वे भेड़ाघाट रवाना हो गए, जहां उन्होने भेड़ाघाट में धुंआधार और मां नर्मदा के विहंगम दृश्य को देखा। इसके बाद उप राष्ट्रपति मप्र के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य मंत्रियों की उपस्थिति में गौरीघाट में मां नर्मदा की संध्या आरती में सम्मिलित होंगे।
कल सुबह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल
आज रात्रि उप राष्ट्रपति का विश्राम जबलपुर के ही एमईएस रेस्ट हाउस में होगा। उल्लेखनीय है कि कल आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय आयोजन में भाग लेने के लिए देश के उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ संस्कारधानी पहुंचे हैं। आज रात्रि विश्राम के बाद सभी अतिथि कल 21 जून की सुबह गैरिसन मैदान पर आयोजित मुख्य समारोह में भाग लेने पहुंचेंगे।
सुरक्षा हुई सख्त
उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के जबलपुर प्रवास और रात्रि विश्राम होने पर पहले ही शहर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। आज उनके कार्यक्रम स्थलों से लेकर रेस्ट हाउस तक में पुलिस का कड़ा पहरा है। वहीं पुलिस द्वारा शहर के होटल, लाज और धर्मशालाओं में रूके लोगों की पूरी जानकारी जुटाई गई है। वही होटलों के कमरों का भी औचक रूप से निरीक्षण किया जा रहा है। इसके अलावा बम डिस्पोजल एंड डाग स्क्वाड की टीम भी लगातार उप-राष्ट्रपति के आगमन वाले स्थानों और कार्यक्रम स्थल समेत उन सभी स्थानों की निगरानी कर रही है। डुमना एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक अभी से पुलिस बल तैनात रहा। नर्मदा तट गौरीघाट में आज सुरक्षा की चाक चौबंध व्यवस्था की गई है।








