jabalpurLatestमध्यप्रदेश

Vice President in Jabalpur जबलपुर में मां नर्मदा के विहंगम दृश्य देख प्रभावित हुए उपराष्ट्रपति, जलप्रपात की तुलना नियाग्रा फाल्स से की

Vice President in Jabalpur उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ एवं उनकी पत्नी डा. सुदेश धनखड़ जबलपुर पहुंचे हैं। वे हवाई अड्डे से सीधे जबलपुर के भेड़ाघाट पहुंचे जहां नर्मदा के विहंगम दृश्य को देखा। इसके बाद नर्मदा तट गौरीघाट पहुंचकर में मां नर्मदा की महाआरती में शामिल हुए। उपराष्ट्रपति ने मां नर्मदा की महाआरती की और आरती करने वाले पुरोहितों से भी भेंट की।

उन्होंने मां नर्मदा की पालकी भी सिर पर उठाई। इस दौरान राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री, सांसद सहित कई गणमान्य नागरिकों की भी उपस्थिति रही। यहां से वे सीधे सेना के एमईएस रेस्ट हाउस के लिए रवाना हो गए। यहां रात्रि विश्राम के बाद कल सुबह योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ एवं उनकी पत्नी डा. सुदेश धनखड़ मंगलवार शाम भेड़ाघाट में धुंआधार जलप्रपात देखने पहुंचे। उन्होंने मां नर्मदा की गोद में बसे इस मनोहारी दर्शनीय स्थल के सौंदर्य को निहारा। प्राकृतिक छटा का लुत्फ उठाया और भेड़ाघाट के नैसर्गिक सौंदर्य की प्रशंसा की। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने हाथ पकड़कर उप राष्ट्रपति को धुंआधार घुमाया। संगमरमर की चट्टानों के बीच बने इस जलप्रपात की तुलना उन्होंने नियाग्रा फाल्स से की। नर्मदा नदी की अथाह जलराशि जब ऊंचाई से गिरती है तो यहां धुंध सा छा जाता है इसलिए इसे धुंआधार कहते हैं। यहां हर वर्ष मनाए जाने वाले नर्मदा महोत्सव की एक अलग ही पहचान है।

Back to top button