इंदौर। अपने फ्यूचर के बारे में जानने की जिज्ञासा सभी की होती है। जब मामला प्रेम का हो, फिर तो हर कोई भविष्य जानने के लिए लालायित हो उठता है। प्यार में भी जब मसला पहली-पहली बार अपने वैलेंटाइन को प्रपोज करने का हो तो मन ये जानने के लिए बेचैन हो उठता है कि ‘वैलेंटाइन डे’ पर उसे रिस्पांस कैसा मिलेगा।
हमने शहर के कुछ लव गुरुओं से बात करके ये जानने की कोशिश की कि इस बार किस राशि के प्रेमी को कैसा रिस्पांस मिलेगा। क्योंकि इस दिन ही तय होगा कि आपकी आगे की लव लाइफ कैसी होगी। आपका प्रेम प्रस्ताव स्वीकार हो जाएगा या रिजेक्ट होगा। अपने वैलेंटाइन के साथ आपका रिश्ता मजबूत होगा या बनती बात बिगड़ जाएगी।
मेष : मेष राशि वालों के लिए आज का दिन स्पेशल है। कोई सरप्राइज मिल सकता है। सकारात्मक सोच का फायदा मिलेगा। प्यार और रोमांस में गर्माहट बनी रहेगी। ये दिन आपकी लव लाइफ के लिए खास है। इसलिए पार्टनर के साथ रोमांस बनाए रखने के लिए लांग ड्राइव पर जाएं। उसे लाल रंग की कोई गिफ्ट प्रजेंट करें।
वृषभ : आप वैलेंटाइन डे पर अपने पार्टनर के साथ एक खूबसूरत शाम बिताएंगे। इस राशि की लड़कियों और महिलाओं को कोई बड़ा उपहार मिलेगा। लेकिन लड़कों को अपने पार्टनर की भावनाओं को समझना होगा। खुद पर नियंत्रण नहीं रखेंगे तो संबंध खराब हो सकते हैं। इसलिए प्यार में विश्वास बनाए रखें और कुछ हासिल करने की जिद न करें।
मिथुन : मिथुन राशि वालों को विचार और व्यवहार में सावधानी रखना होगी। अपने पार्टनर के साथ कम्युनिकेशन को लेकर प्रॉब्लम हो सकती है। जिन लोगों का प्यार छूट गया है वे इस दिन दुखी होने के बजाय पॉजिटिव रहते हुए आगे बढ़ें, कोई नया साथी मिलने वाला है। इस राशि वाले युवक-युवतियों और नए शादीशुदा कपल्स को आज साथ रहने का मौका मिलेगा।
कर्क : कर्क राशि वाले वैलेंटाइन डे पर अपने प्यार को नई ऊंचाई पर ले जाने में कामयाब होंगे। जो लोग अब तक अपने लिए राइट पर्सन की तलाश में हैं उनकी तलाश भी पूरी होने वाली है। उन्हें बेहद रोमांटिक और प्यार करने वाला साथी मिलेगा। रिश्ते बेहतर बनाने के लिए इस वैलेंटाइन डे पर पार्टनर को पिंक और सफेद रंग का कोई अच्छा गिफ्ट दें।
सिंह : इस राशि वाले जो प्रेमी-प्रेमिका उग्र स्वभाव के हैं वे वैलेंटाइन डे पर थोड़ा शांत रहें। अपने पार्टनर की फीलिंग्स को समझें। उनकी बात सुनें। सिंह राशि वाले युवकों में भावनाओं का ज्वार अधिक रहेगा, लेकिन वे उसे नियंत्रित कर लेंगे। उपहारों का आदान-प्रदान होगा। इस वैलेंटाइन डे पर आप दोनों के बीच कोई तीसरा आ सकता है। इसलिए सावधान रहें।
कन्या : प्यार में डूबे इस राशि के युवक-युवती इस वैलेंटाइन डे पर रोमांस से भरपूर जीवन में प्रवेश करेंगे। जिनके प्यार में अब तक एक्साइटमेंट और एडवेंचर नहीं था, वे प्यार की अनूठी राइड पर जा सकते हैं। रिश्ते में भरपूर गर्माहट रहेगी। इस राशि वालों की लव लाइफ अच्छी रहने वाली है। पुराने रिश्ते फिर से जुड़ने की संभावना है। जो छूट गया है वह वापस आ सकता है।
तुला : तुला राशि वाले जो चाहते हैं वह करने में काफी हद तक सफल हो जाएंगे। संबंधों में भावनात्मक होना आवश्यक है, वरना आप पार्टनर की फीलिंग्स को समझ नहीं पाएंगे। रिश्ते में गर्माहट बनाए रखने के लिए कोई चमकती, सफेद या क्रीम कलर की वस्तु गिफ्ट करें। जो युवक-युवतियां अब तक सिंगल हैं उन्हें इस बार खूबसूरत पार्टनर मिलने वाला है।
वृश्चिक : वृश्चिक राशि वालों की लव लाइफ फर्राटा भरने वाली है। जो लोग सिंगल हैं उन्हें जल्द ही कोई समझदार पार्टनर मिलने वाला है और जो लोग पहले से रिलेशनशिप में हैं उनका प्यार नई ऊंचाइयां छूने वाला है। इस राशि वाले विवाहित स्त्री-पुरुष सुखद दांपत्य जीवन का लाभ उठाएंगे। ज्यादातर, वैलेंटाइन डे पर एक खूबसूरत और रोमांटिक डिनर डेट पर जाएंगे।
धनु : इस राशि वालों के लिए लव लाइफ खासी मजेदार साबित होने वाली है। पार्टनर आपकी ओर खिंचा चला आएगा। कोई बड़ा उपहार वैलेंटाइन डे पर मिलने वाला है। बस ध्यान इस बात का रखें कि मुंह से कुछ ऐसा न निकल जाए कि पार्टनर नाराज हो जाए। अपने या पार्टनर की पास्ट लाइफ का जिक्र इस दिन बिलकुल न करें। साथ में लांग ड्राइव पर जाएं और कैंडल लाइट डिनर करें।
मकर : इस राशि वालों पर प्यार का भूत सवार रहेगा, लेकिन अंतर्मुखी होने के कारण आप खुलकर अपनी बात नहीं कर पाएंगे। यदि प्यार को पाना चाहते हैं तो कहना भी सीखना होगा। वैलेंटाइन डे पर मौका है जिसे चाहते हैं उसे कह दें, वरना पीछे रह जाएंगे। इस राशि वाली युवतियां ज्यादा रोमांटिक नहीं होती है, इसलिए वे सामने वाले की फीलिंग्स समझ नहीं पाती हैं।
कुंभ : प्यार में पारदर्शिता रखना जरूरी है। अपने पार्टनर से कुछ न छुपाएं। वैलेंटाइन डे मौका है खुलकर बात करने का। यकीन मानिए, इससे आपको नुकसान नहीं होगा, बल्कि पार्टनर की नजरों में आपकी वैल्यू और बढ़ जाएगी। इसके बाद आपका प्यार परवान चढ़ेगा। जो लोग अब तक प्यार का इजहार नहीं कर पाए हैं वो वैलेंटाइन डे पर अपनी बात चॉकलेट के साथ करें।
मीन : छुप-छुपकर किया गया प्यार इस वैलेंटाइन पर सबके सामने आने वाला है। मन की बात सब को मालूम पड़ जाएगी। जिन लोगों की जिंदगी में अब तक प्यार का प्रवेश नहीं हुआ है, उन्हें किसी ऐसी जगह से प्रस्ताव मिलेगा, जिसके बारे में उन्होंने कभी सोचा भी नहीं होगा। मगर इस राशि के दंपती जरूर अपने रिश्ते को लेकर खासतौर पर सतर्क रहें।
