Latestमध्यप्रदेश

महिला कांग्रेस की बैठक में हंगामा, अलका लांबा पर जूते मारकर बाहर निकालने के लिए कहने का आरोप

भोपाल, सिंगरौली। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को हुई महिला कांग्रेस की बैठक में जमकर हंगामा हुआ।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी और जिला व शहर कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक बुलाई गई थी। इसमें भाग लेने आईं राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने पदाधिकारियों की उपस्थिति लेने के लिए नाम पुकारे तो उसमें सिंगरौली की मधु शर्मा का नाम नहीं था।

इस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा कि वह प्रदेश महासचिव हैं। दो-दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। लोकसभा चुनाव प्रभारी थी। क्या हमारी नियुक्ति फर्जी है। इस पर बात इतनी बढ़ी कि मधु ने खुद को अपमानित करने का आरोप लगा दिया।

सिंगरौली से पहुंचीं नेत्री मधु शर्मा ने अपना नाम न पुकारे जाने पर आपत्ति जताई तो संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने उन्हें टोकते हुए कहा कि आपसे बाद में चर्चा करूंगी तो वह नाराज हो गईं और जोर-जोर से कहने लगीं कि क्या हमें अपमानित करने और जूते मारने के लिए बुलाया गया है।

बाद में मधु शर्मा नाराजगी जताते हुए सभाकक्ष से बाहर निकल गईं और मीडिया के समक्ष आरोप लगाया कि अलका लांबा ने उन्हें जूते मारकर बाहर निकालने के लिए कहा। हालांकि, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल ने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम