Latest

UP के मोस्ट वॉन्टेड अपराधी विकास दुबे के चंबल में छुपे होने की आशंका, MP पुलिस हाई अलर्ट पर

भोपाल.उत्तर प्रदेश (uttar pradesh) के मोस्ट वॉन्टेड बदमाश और कानपुर पुलिस कर्मियों के हत्याकांड के आरोपी विकास दुबे (vikas dubey) केस को लेकर मध्य प्रदेश पुलिस (madhya pradesh) भी अलर्ट (alert) मोड पर है. पुलिस मुख्यालय ने अलर्ट जारी किया है. विकास दुबे के चंबल में छुपे होने की खबर है. यूपी की इंटेलिजेंस ने एमपी इंटेलिजेंस को कुछ महत्वपूर्ण इनपुट दिए हैं. उसके बाद पुलिस मुख्यालय की इंटेलिजेंस ब्रांच ने प्रदेश के सभी आईजी, डीआईजी, एसपी को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं.

एमपी इंटेलिजेंस ब्रांच ने प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं कि वह अपने लोकल इंटेलिजेंस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर भगोड़े विकास दुबे से जुड़ी जानकारी एकत्र करें.साथ ही इलाके में सक्रियता को बढ़ाएं. इतना ही नहीं दूसरे राज्यों से लगी सीमाओं पर भी अलर्ट जारी किया गया है. पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए.

चंबल में छुपे होने की आशंका
इंटेलिजेंट से मिले इनपुट के बाद एमपी पुलिस अलर्ट पर है. सूत्रों ने बताया कि एमपी इंटेलिजेंस को इस बात का इनपुट भी मिला है कि आरोपी विकास दुबे मध्यप्रदेश में छुपा हो सकता है. हालांकि अभी तक पुलिस की सघन सर्चिंग के बढ़ने के बावजूद विकास दुबे का कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लगा है. लेकिन जिस तरीके के इनपुट मिले हैं. उसके बाद हर जिले की पुलिस सतर्क है और अपने स्तर पर चेकिंग अभियान से लेकर सर्च ऑपरेशन भी चला रही है.

ग्वालियर चंबल जोन में सक्रियता बढ़ी

ग्वालियर चंबल जोन में सक्रियता अचानक पुलिस ने बढ़ा दी है. बीहड़ों में सर्चिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है. शहर से लगी सीमाओं पर बैरिकेड लगाकर चैकिंग की जा रही है. इतना ही नहीं, पुलिस अपने मुखबिर तंत्र के जरिए संभावित ठिकानों पर दबिश भी दे रही है.बदमाश विकास और उसके साथियों की गाड़ियां उत्तर प्रदेश के औरैया इलाके में बरामद हुई हैं. ऐसे में आशंका है कि विकास फरारी काटने के लिए सीमावर्ती ग्वालियर चंबल अंचल में पनाह ले सकता है.

ये है पूरा मामला
बीते गुरुवार को उत्तर प्रदेश के बिकरु गांव में कुख्यात बदमाश विकास दुबे को पकड़ने गई पुलिस पार्टी पर हमला किया गया था. विकास दुबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस पार्टी पर हमला किया था. इस हमले में 8 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे, जबकि 7 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए. वारदात के बाद फरार हुए विकास दुबे की गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने ढाई लाख रुपए का इनाम घोषित कर दिया है. उसकी तलाश में 25 पुलिस पार्टियां उत्तर प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों में दबिश दे रही हैं

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम