जबलपुर में बेकाबू ट्रक ढाबे में जा घुसा, आग ताप रहे 3 लोगों को रौंदा, मौके पर ही दर्दनाक मौत
एनएच-45 पर भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में रात 2 बजे हुआ हादसा; बाहर खड़े 3 वाहन भी चकनाचूर, ढाबा संचालक गंभीर रूप से घायल
जबलपुर। नेशनल हाईवे-45 पर भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। शहपुरा से जबलपुर की ओर आ रहा मक्का से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक MP 20 SB 1200) अनियंत्रित होकर खैरी बंधा क्षेत्र स्थित ‘राज फैमिली ढाबा’ में जा घुसा। इस भीषण हादसे में ढाबे के बाहर आग ताप रहे तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ढाबा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
आग ताप रहे लोगों और वाहनों को रौंदा जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे कड़ाके की ठंड से बचने के लिए कुछ लोग ढाबे के बाहर अलाव जलाकर आग ताप रहे थे। इसी दौरान शहपुरा की तरफ से आ रहा बेकाबू ट्रक सीधा ढाबे में घुस गया। ट्रक ने पहले ढाबे के बाहर खड़ी एक बोलेरो, एक कार और एक पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मारी और फिर वहां बैठे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बेकाबू ट्रक भी मौके पर ही पलट गया और 3 से 4 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
तीन की मौत, ढाबा संचालक अस्पताल में भर्ती इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान खैरी निवासी ढाबा कर्मचारी धर्मेंद्र और शराब दुकान के दो कर्मचारियों मोनू व बलराम (निवासी भिंड-मुरैना) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में राज फैमिली ढाबा के संचालक राजा साहू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा आधी रात को हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।










