katniमध्यप्रदेश

लूट के बाद फरियादी को धमकाने बमबारी, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार,48 घंटे में रंगनाथ नगर पुलिस की कार्रवाई, रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाने दहशत फैलाने का आरोप

लूट के बाद फरियादी को धमकाने बमबारी, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार,48 घंटे में रंगनाथ नगर पुलिस की कार्रवाई, रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाने दहशत फैलाने का आरो

 

कटनी। लूट की वारदात के बाद फरियादी और उसके परिजनों को डराने-धमकाने के लिए बमबारी करने के मामले में रंगनाथ नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को फरियादी रामनिवास सिंह पैदल अपने घर जा रहा था। श्मशान भूमि की बाउंड्री के पास गड्डा टोला क्षेत्र में अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमार और उसके साथियों ने उसे रोककर गाली-गलौज की तथा शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर समीर वंशकार व उसके साथी ने कथित रूप से फरियादी की जेब से 2,800 रुपये निकाल लिए और उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमार ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और पुलिस में शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी दी।

रिपोर्ट से रोकने के लिए की बमबारी

पुलिस के मुताबिक, लूट की घटना की रिपोर्ट दर्ज होने से रोकने के उद्देश्य से आरोपियों ने फरियादी और उसके परिजनों में दहशत फैलाने का प्रयास किया। उसी दिन शाम करीब 7:30 बजे फरियादी जब अपनी बड़ी मम्मी के घर के सामने खड़ा था, तभी अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमार, समीर वंशकार सहित अन्य आरोपी वहां पहुंचे और घर के बाजू की दीवार की ओर कथित रूप से सुअर बम फेंके। धमाके की आवाज सुनकर भयभीत फरियादी वहां से भाग गया। पुलिस को मौके से बम फटने के अवशेष भी मिले हैं।

दोनों घटनाओं की शिकायत पर रंगनाथ नगर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश देकर 48 घंटे के भीतर अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमार (21), निवासी रामनिवास वार्ड और सुमित रैकवार (19), निवासी रामनिवास वार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमार के खिलाफ कटनी जिले के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी संकलित कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उप निरीक्षक सिद्धार्थ राय के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सउनि बहादुर सिंह, सउनि विजेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक प्रमोद सिंह, महेंद्र दुबे, पवन पाठक, अजय तिवारी तथा आरक्षक वीरेंद्र दहायत और माधव साहू की सराहनीय भूमिका रही।

Back to top button