katniLatest

जगन्नाथ चौक में यातायात पुलिस ने की वाहनों की सघन जांच, ओवरहाइट माल लेकर चलने वाले वाहनों का काटा चालान

कटनी। वैसे तो यातायात पुलिस का काम है शहर में नगर निगम व स्थानीय प्रशासन द्धारा उपलब्ध कराई गई सड़क पर यातायात का सुगम परिचालन करना लेकिन कस्बाई नुमा कटनी शहर में न तो सड़के खाली रहती हैं और न ही पार्किंग स्थल हैं।

इसलिए बेतरतीब व अतिक्रमण युक्त शहर में यातायात का सुगम परिचालन करने में यातायात पुलिस को भी दांतो चने चबाने पड़ रहे हैं और जाम लगने की स्थिति में लोगों और अधिकारियों की बातें भी सुननी पड़ती हैं। बहरहाल आज पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन के दिशा निर्देश पर यातायात पुलिस फिर एक्शन मोड पर नजर आई। राहगीरों को खतरे में डालकर ओवर हाइट माल लोड करके सड़क में अव्यवस्था फैलाते दर्जनों मालवाहक वाहनों पर यातायात पुलिस के द्धारा कार्रवाई की गई।

यातायात थाना प्रभारी राहुल पांडे ने दलबल के साथ जगन्नाथ चौराहे में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। मालवाहक वाहनों की जांच करते हुए लगभग एक दर्जन से भी अधिक वाहनों को ओवर हाइट माल परिवहन करते हुए पकड़ा गया और उनके खिलाफ जुर्माने की कार्यवाही की गई।

कार्यवाही के संबंध में जानकारी देते हुए यातायात थाना प्रभारी राहुल पांडे ने बताया कि शहर में ओवर हाइट माल वहन करने वाले वाहनों की शिकायतों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के द्वारा कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। प्राप्त निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती ख्याति मिश्रा के मार्गदर्शन में आज जगन्नाथ चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस दौरान ओवर हाइट माल लोड करके सड़क पर फर्राटा भरने वाले वाहनों के खिलाफ कार्यवाही की गई। इसके साथ ही यातायात विभाग द्वारा स्कूली वाहनों को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत भी कई स्कूली वाहनों को चेक करके उन पर आवश्यकता अनुसार कार्यवाही की गई हैं।

स्कूली बसों एवं ओवर हाइट वाहनों के खिलाफ कार्यवाही का क्रम आगे भी इसी तरह जारी रखा जाएगा। आज यातायात विभाग द्वारा स्कूली वाहनों एवं ओवर हाइट मालवाहकों के खिलाफ की गई कार्यवाही के कारण वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।

Back to top button